बहराइच जिले के तुलसीपुर गांव में खेत देखने गए 39 व

खेत देखने गए 39 वर्षीय युवक को जहरीले सांप ने काटा, इलाज के दौरान निजी अस्पताल में मौत

रोते बिलखते परिजन

बहराइच (उत्तर प्रदेश)। सोनवा थाना क्षेत्र के तुलसीपुर गांव में खेत देखने गए 39 वर्षीय युवक की जहरीले सांप के काटने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। युवक को गंभीर हालत में इलाज के लिए बहराइच के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां देर रात उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

खेत की मेड़ पर जहरीले सांप ने काटा

जानकारी के अनुसार, तुलसीपुर निवासी कंधई लाल (39) पुत्र केशवराम घर के सामने स्थित खेत को देखने गए थे। बताया जा रहा है कि वह खेत की मेड़ पर बैठे हुए थे, तभी अचानक एक जहरीले सांप ने उन्हें काट लिया। सांप के डसने के बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी।

देर रात उपचार के दौरान मौत

कंधई लाल किसी तरह घर पहुंचे और परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिवार के लोग तत्काल उन्हें लेकर बहराइच स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया। हालांकि, देर रात उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया है। 

मौत की खबर से परिवार में मचा कोहराम

युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों और ग्रामीणों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने की इच्छा जताते हुए सोनवा पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में भी मातम का माहौल है। जहरीला सांपों के आतंक से गांव मे दहशत है। 

यह भी पढ़ेंः मिर्जापुर के रामपुर-38 गांव में तीन दशक से लंबित सड़क, मरीज की समय पर इलाज न मिलने से मौत