औरंगाबाद में बिजली के टूटे तार की चपेट में आने से 4 साल के मासूम की मौत, खेलते समय हुआ दर्दनाक हादसा
औरंगाबाद (बिहार)। नवीनगर प्रखंड के माली थाना क्षेत्र के अंकोरहा पंचायत अंतर्गत परसा जैन गांव में बिजली करंट की चपेट में आने से एक चार वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान उक्त गांव निवासी चंदन विश्वकर्मा के पुत्र सत्यम कुमार के रूप में हुई है। घटना रविवार की बताई जा रही है।
घर के बाहर खेल रहा था मासूम
सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के दौरान परिजनों ने बताया कि घर के बाहर से ही LT तार गुजरा हुआ है। रविवार की सुबह घर के बाहर सत्यम अपने दोस्तों के साथ खेल रहा था। उक्त जगह पर LT तार पहले से ही टूटकर गिरा हुआ था, जिसे सत्यम देख नहीं सका और अचानक खेलने के दौरान टूटे तार की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
निजी क्लिनिक से सदर अस्पताल रेफर
घटना के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे तार से अलग किया। इसके बाद इलाज के लिए पास के ही एक निजी क्लिनिक ले गए, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति में सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने सत्यम को जांचते ही मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनते ही परिजन शव से लिपटकर चीत्कार उठे।
दो भाइयों में छोटा था सत्यम
अस्पताल कर्मियों द्वारा घटना की सूचना नगर थाना पुलिस को दी गई। सूचना पर नगर थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कागजी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने बताया कि सत्यम दो भाइयों में छोटा था। बड़ा भाई शिवम पांच वर्ष का है। उसके पिता चंदन विश्वकर्मा ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। घटना के बाद से मां गुड़िया देवी सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में मातम पसरा हुआ है।
परिजनों ने जिला प्रशासन से मांगा मुआवजा
परिजनों ने जिला प्रशासन से आपदा राहत के तहत मुआवजे की मांग की है। माली थानाध्यक्ष ने बताया कि बिजली करंट की चपेट में आने से मासूम की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराकर दाह संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। इधर मासूम की मौत पर बैरिया पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि उपेंद्र कुमार ने गहरा शोक प्रकट किया है। उन्होंने बताया कि घटना बहुत दुखद है। मृतक का परिवार काफी गरीब है। उन्होंने जिला प्रशासन से मुआवजा दिए जाने की मांग की है। (Source: ANI)
यह भी पढ़ें: 5वें T20I में न्यूजीलैंड ने भारत को 7 विकेट से हराया, सीफर्ट के 93 और फिलिप्स के नाबाद 65 रन बेकार