सेप्टिक टैंक ने ली 4 साल के मासूम की जान: मैहर के परसोखा गांव में मातम, खुले टैंक में गिरने से हादसा
मैहर: मध्य प्रदेश के मैहर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के परसोखा गांव में गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर के पास खुले पड़े सेप्टिक टैंक में गिरने से 4 वर्षीय मासूम अंश चौधरी की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।
खेलते-खेलते टैंक में गिरा मासूम
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 5 बजे अंश अपने घर के आसपास खेल रहा था। इसी दौरान वह पास में बने खुले सेप्टिक टैंक के पास पहुंच गया और अचानक उसमें गिर गया। टैंक में पानी भरा होने के कारण बच्चा उसमें डूब गया। परिजनों को घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने बच्चे को टैंक से बाहर निकाला।
अस्पताल पहुंचने से पहले मौत
परिजन अंश को तुरंत सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि पानी में डूबने के कारण बच्चे की मौत हुई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
पुलिस ने दर्ज किया मर्ग
सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्चुरी में रखवा दिया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मर्ग कायम कर घटना के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी गई है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
खुले सेप्टिक टैंक को लेकर जांच
हादसे के बाद खुले पड़े सेप्टिक टैंक की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। प्रशासन की ओर से टैंक के निर्माण और सुरक्षा मानकों से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें: उज्जैन के कलाकार ने अनाज के दानों से बनाई महात्मा गांधी की अनोखी तस्वीर, कला से दिया अन्न के सम्मान का संदेश