निगाही खदान में 400 लीटर डीजल चोरी की कोशिश नाकाम
सिंगरौली (मध्य प्रदेश)। नवानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (NCL) की निगाही परियोजना में बीती रात सुरक्षा टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए डीजल चोरी के एक बड़े प्रयास को विफल कर दिया। रात करीब 10:30 बजे खदान क्षेत्र से संदिग्ध अवस्था में बाहर निकल रही एक पिकअप (कैंपर) वाहन को सुरक्षाकर्मियों ने घेराबंदी कर पकड़ा। हालांकि, सुरक्षा टीम को देखते ही चालक वाहन को मौके पर छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
200-200 लीटर क्षमता के दो ड्रम बरामद
सुरक्षा टीम द्वारा जब्त की गई कैंपर की तलाशी लेने पर उसमें 200-200 लीटर क्षमता के दो ड्रम बरामद हुए, जिनमें कुल 400 लीटर चोरी का डीजल भरा हुआ था। बताया जा रहा है कि यह डीजल से लोड पिकअप वाहन निगाही ईस्ट क्षेत्र की पार्किंग में खड़ी थी और वहां से बाहर निकलने की फिराक में थी। घटना के तुरंत बाद सुरक्षा टीम ने जब्त वाहन और डीजल को अग्रिम कार्रवाई के लिए नवानगर थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
सांठगांठ और कबाड़ी के नेटवर्क पर उठे सवाल
स्थानीय स्तर पर चर्चाओं और गंभीर आरोपों के अनुसार, निगाही खदान से डीजल चोरी का यह कोई पहला मामला नहीं है। सूत्रों का दावा है कि कथित मिलीभगत से क्षेत्र में लंबे समय से डीजल चोरी का खेल संचालित हो रहा है। पूर्व में भी इस खदान से डीजल और भारी मशीनों की चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। जिससे कबाड़ी गिरोह और अंदरूनी मिलीभगत की आशंका गहरा गई है। फिलहाल नवानगर पुलिस फरार चालक, वाहन मालिक और इस चोरी के नेटवर्क से जुड़े संदिग्धों की तलाश में जुट गई है। (इनपुटः ANI)
यह भी पढ़ेंः औरंगाबाद में अंतरजिला शातिर चोर गिरोह का सदस्य गिरफ्तार, कई चोरी की वारदातों का खुलासा