मध्यप्रदेश के मंदसौर में पुलिस ने दिल्ली-मुंबई एक्

मध्यप्रदेश के मंदसौर में टमाटर के ट्रक से 45 लाख की अफीम बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार

₹45 Lakh Worth of Opium Seized from Tomato Truck in Madhya Pradesh, Three Arrested

मंदसौर (मध्यप्रदेश)। जिले से अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। सीतामऊ थाना पुलिस ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर सुनियोजित कार्रवाई करते हुए करीब 3 किलो अवैध अफीम बरामद की है। 

करीब 45 लाख रुपये की अफीम जब्त

जब्त अफीम की अनुमानित कीमत करीब 45 लाख रुपये आंकी गई है। इस कार्रवाई में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी टमाटर से भरे ट्रक की आड़ में अफीम की खेप लेकर जा रहे थे, लेकिन पुलिस की सतर्कता और सटीक सूचना के चलते उनकी पूरी योजना नाकाम हो गई।

मुखबिर से मिली गुप्त सूचना

जानकारी के मुताबिक, पुलिस को मुखबिर से संदिग्ध ट्रक के संबंध में सूचना मिली थी। इसके बाद दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर घेराबंदी कर ट्रक को रोका गया। जब ट्रक की बारीकी से तलाशी ली गई, तो टमाटर की खेप के बीच छिपाकर रखी गई करीब 3 किलो अफीम बरामद हुई। पुलिस ने तत्काल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और ट्रक सहित पूरा माल जब्त कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ जारी

जब्त सामग्री और वाहन की कुल कीमत करीब 45 लाख रुपये बताई जा रही है।फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह खेप किस स्थान से लाई गई थी, इसे कहां पहुंचाया जाना था और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। आरोपियों की ट्रेवल हिस्ट्री, मोबाइल कॉल रिकॉर्ड और आर्थिक लेन-देन की भी पड़ताल की जा रही है, ताकि तस्करी के पूरे नेटवर्क तक पहुंचा जा सके।मंदसौर जिला लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी के लिहाज से संवेदनशील माना जाता रहा है।

आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

ऐसे में सीतामऊ पुलिस की यह कार्रवाई न सिर्फ अवैध तस्करी पर प्रभावी प्रहार मानी जा रही है, बल्कि यह भी संकेत है, कि पुलिस तस्करी के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने की दिशा में लगातार सक्रिय है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब जांच इस बात पर केंद्रित है कि इस नेटवर्क की कड़ियां किन राज्यों और किन लोगों तक जुड़ी हुई हैं। इस कार्रवाई को जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चल रहे अभियान की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

यह भी पढ़ेंः लापता छात्रा का जंगल में मिला शव, नरसिंहपुर में सनसनी