मणिपुर के इंफाल में KCP-तैबांग्गाबा समूह के 46 सदस

इंफाल में KCP-तैबांग्गाबा के 46 सदस्यों ने डाले हथियार, मुख्यमंत्री की मौजूदगी में मुख्यधारा में लौटे

46 KCP Members Surrender Arms in Manipur

इम्फाल (मणिपुर)। इंफाल के 1st मणिपुर राइफल्स परेड ग्राउंड में मंगलवार को आयोजित एक कार्यक्रम में 'कांगलेईपाक कम्युनिस्ट पार्टी' (KCP)-तैबांग्गाबा समूह के 46 सदस्यों (जिनमें चार महिलाएं भी शामिल थीं) ने हथियार डाल दिए और मुख्यधारा में लौट आए। इस कार्यक्रम के दौरान सदस्यों ने 20 हथियार, 216 राउंड गोला-बारूद और तीन विस्फोटक सौंपे। यह कदम सशस्त्र सदस्यों को मुख्यधारा के समाज में वापस लाने और मणिपुर में चल रही शांति प्रक्रिया की दिशा में एक और कदम है।

मुख्यमंत्री और वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह, उपमुख्यमंत्री लोसी डिखो, वरिष्ठ मंत्री और विधायक, पुलिस महानिदेशक (DGP) और नागरिक प्रशासन, पुलिस व सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सिंह ने मुख्यमंत्री ने कहा, 'परिस्थितियों के कारण कई लोग हथियार उठा लेते हैं। हालांकि, मेरी अपील पर प्रतिक्रिया देते हुए KCP (तैबांग्गाबा) ने हथियार डालने पर सहमति जताई। मैं उनकी सराहना करता हूं।'

पुनर्वास के लिए मिलेगी आर्थिक मदद

सरकार के पुनर्वास उपायों के तहत, लौटने वाले प्रत्येक सदस्य को चार फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) और तीन साल तक 6,000 रुपये का मासिक स्टाइपेंड मिलेगा, ताकि उनके पुनर्वास और मुख्यधारा के समाज में फिर से शामिल होने में मदद मिल सके। सरकार ने सदस्यों से अपील की कि वे इस अवसर का सदुपयोग करें, अपने परिवारों और समुदायों से फिर से जुड़ें और राज्य के विकास में योगदान दें।

शांति और सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई

सरकार और सुरक्षा एजेंसियों ने कानून के शासन को बनाए रखते हुए और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए स्थायी शांति के लिए अनुकूल माहौल बनाने की अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई। कार्यक्रम का समापन सभी संबंधित पक्षों से शांति, मेल-मिलाप, सामान्य स्थिति की बहाली और एक सुरक्षित व समृद्ध मणिपुर की दिशा में मिलकर काम करने की अपील के साथ हुआ। ​(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)

यह भी पढ़ें: मणिपुर में अवैध 'कर' वसूली पर सरकार सख्त, हाईवे पर तैनात होंगी विशेष टीमें