नायब तहसीलदार और दो लेखपालों पर हमले के 5 आरोपी गिरफ्तार, 3 को लगी गोली
सुल्तानपुर: नायब तहसीलदार और दो लेखपालों पर हमले के मामले में बुधवार सुबह पुलिस ने दो थाना क्षेत्रों में मुठभेड़ के बाद पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस दौरान तीन आरोपियों के पैर में गोली लगी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध असलहे, कारतूस, स्कॉर्पियो और थार कार बरामद की है। साथ ही अवैध मिट्टी खनन में इस्तेमाल होने वाले चार डंपर भी मिलने की बात कही गई है। पहली मुठभेड़ सुबह करीब 5 बजे कोतवाली नगर क्षेत्र के खैचला में हुई। पुलिस ने राहुल सिंह, नौशाद और मनोज सिंह को गिरफ्तार किया। मुठभेड़ के दौरान राहुल सिंह के पैर में गोली लगी। राहुल अमिलिया कला, नौशाद बंधुआकला के प्रतापपुर और मनोज करौंदीकला के रवनिया गांव का निवासी है। इनके कब्जे से 32 बोर की पिस्टल, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस तथा स्कॉर्पियो (UP 44 AY 6094) बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, राहुल के खिलाफ जिले के अलग-अलग थानों में 10 मुकदमे दर्ज हैं।
अखंडनगर में दूसरी मुठभेड़, दो आरोपियों को लगी गोली
दूसरी मुठभेड़ सुबह करीब 8:45 बजे अखंडनगर थाना क्षेत्र में हुई। यहां पुलिस की जवाबी कार्रवाई में संदीप सिंह और प्रशांत सिंह के पैर में गोली लगी। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। संदीप अमिलिया कला और प्रशांत गोसाईगंज थाना क्षेत्र के नकाहा महमूदपुर का निवासी है।
तमंचे, कारतूस और थार कार बरामद
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी कोतवाली नगर क्षेत्र में खनन और राजस्व टीम पर हमले के मामले में वांछित थे। मौके से 315 बोर और 12 बोर के दो देशी तमंचे, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद हुए। घटना में इस्तेमाल बिना नंबर प्लेट की काली थार कार भी जब्त की गई। पुलिस के अनुसार, संदीप के खिलाफ छह मुकदमे दर्ज हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें: 45 दिन से लापता युवक का नदी किनारे मिला कंकाल, हत्या की आशंका से सनसनी