मध्य प्रदेश के बैतूल शहर में गुरुवार सुबह एक घर मे

सोफे से आई फुफकार, खोलते ही निकला 5 फीट लंबा जहरीला कोबरा

5-Foot Venomous Cobra Found Hidden Inside Sofa

बैतूल {मध्यप्रदेश}: मध्य प्रदेश के बैतूल शहर में गुरुवार सुबह एक घर में उस समय हड़कंप मच गया, जब सोफे के अंदर करीब 5 फीट लंबा जहरीला कोबरा छिपा मिला। समय रहते सांप का पता चलने से एक बड़ा हादसा टल गया।

फुफकार की आवाज सुनकर हुई भनक

जानकारी के अनुसार, बडोरा स्काई सिटी निवासी महेश बोखारे के घर में सुबह करीब 5:30 बजे सोफे के अंदर से फुफकार की आवाज सुनाई दी। परिजनों ने जब सोफे की जांच की तो उसके भीतर एक विशालकाय कोबरा दिखाई दिया। बताया जा रहा है कि सोफे से सटे पलंग पर परिवार का एक सदस्य सो रहा था।

सर्पमित्र ने सुरक्षित किया रेस्क्यू

सूचना मिलते ही सर्पमित्र विशाल विश्वकर्मा मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक रेस्क्यू कर कोबरा को सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद परिवार ने राहत की सांस ली।

समय रहते टला बड़ा हादसा

परिजनों ने बताया कि यदि समय रहते सांप दिखाई नहीं देता और सुबह कोई व्यक्ति सोफे पर बैठ जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था। उन्होंने इसे ईश्वर की कृपा बताया कि समय रहते खतरे का पता चल गया।

बारिश में बरतें विशेष सावधानी

लगातार हो रही बारिश के कारण सांपों के बिलों में पानी भर जाने से वे रिहायशी इलाकों और घरों में शरण लेने लगे हैं। ऐसे में लोगों से अपील की गई है कि घर के आसपास साफ-सफाई रखें और यदि कहीं सांप दिखाई दे तो उसे खुद पकड़ने की कोशिश न करें। तुरंत सर्पमित्र या वन विभाग को इसकी सूचना दें।

यह भी पढ़े: टमाटर की आड़ में ₹11 लाख की शराब तस्करी, सिरोही का तस्कर गिरफ्तार