जावरा औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार रात एक फैक्ट्री

जावरा में क्लोरीन गैस रिसाव की चपेट में आने के बाद तीन दमकलकर्मी आईसीयू में भर्ती

जावरा में क्लोरीन गैस रिसाव की चपेट में आने के बाद तीन दमकलकर्मी आईसीयू में भर्ती

रतलाम। जिले के जावरा औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार रात एक फैक्ट्री से अचानक क्लोरीन गैस का रिसाव होने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। एक दमकलकर्मी के गैस रिसाव पर पानी डालने से गैस का असर कम होने के बजाय और तेज हो गया। इससे तीन दमकलकर्मियों सहित पांच लोगों की हालत बिगड़ गई। दमकलकर्मियों को तुरंत रतलाम मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां तीनों को आईसीयू में रखा गया है।

फायर लॉरी के चालक कुलदीप गहलोत ने बताया कि गैस रिसाव की सूचना शाम 7:30 बजे मिली थी। गैस रिसाव को रोकने की कोशिश में सिलेंडर पर पानी का छिड़काव किया गया, लेकिन पानी पड़ते ही गैस का दबाव बढ़ गया। ऐसे में लोगों को घुटन और आंखों में तेज जलन होने लगी।

दमकलकर्मी बालाराम ने बताया कि पानी पड़ते ही गैस भाप की तरह चारों ओर फैल गई। सुरक्षा साधनों के अभाव में सभी की हालत बिगड़ गई। तीनों दमकलकर्मियों के साथ फैक्ट्री के दो अन्य कर्मचारी भी सांस लेने में समस्या के कारण अस्पताल में भर्ती किए गए हैं। पांचों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में फेरिक सल्फेट पाउडर बनाया जाता है और गैस रिसाव के समय वहां तीन कर्मचारी मौजूद थे। उन्हें पता नहीं थी कि गैस को कैसे नियंत्रित किया जाए। इसीलिए वे सभी मौके से भाग गये। इसके बाद प्रशासन ने हालत को नियंत्रित किया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि गैस रिसाव करने वाला सिलेंडर लगभग 30 साल पुराना है। मौके पर पहुंचे जावरा विधायक डॉ. राजेंद्र पांडे ने फैक्ट्री प्रबंधन को फटकार लगाई और फैक्ट्री संचालक के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है।

गौरतलब है कि बीते 9 अप्रैल क भी पोरवाल आइस फैक्ट्री में अमोनिया गैस का रिसाव हुआ था, जिसमें तत्कालीन सीएसपी और उनके परिवार पर भी असर पड़ा था। उस समय भी फैक्ट्री संचालक के पास वैध लाइसेंस और दस्तावेज नहीं थे।

यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/6-people-hit-by-goods-train-in-train-accident-at-madan-mahal-station-2-dead/100295

मदन महल स्टेशन पर दर्दनाक ट्रेन हादसा, 6 लोग मालगाड़ी की चपेट में आए; 2 की मौत