बैतूल में 5 लाख की चोरी का पर्दाफाश, कार और जेवरात बरामद, आरोपी गिरफ्तार
बैतूल (मध्य प्रदेश)। जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलिस ने लगभग 5 लाख रुपये मूल्य की चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। शाहपुर पुलिस ने चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात और वारदात में प्रयुक्त मारुति स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की है।
अज्ञात बदमाशों ने आलमारी से सोने-चांदी के जेवरात और नगदी की चोरी
दरअसल, यह घटना ग्राम सालीमेट निवासी फरियादिया रश्मि धुर्वे के सूने मकान में 18 फरवरी 2026 की शाम को हुई थी, जहाँ अज्ञात बदमाशों ने ताला तोड़कर आलमारी से सोने-चांदी के जेवरात और नगदी उड़ा ली थी। इस संबंध में थाना शाहपुर में अपराध क्रमांक 82/2026 के तहत धारा 331 (3) और 305 (ए) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही भौंरा चौकी प्रभारी नीरज खरे और स.उ.नि. भरतनाथ सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद सीन ऑफ क्राइम मोबाइल यूनिट, डॉग स्क्वॉड और सीसीटीवी फुटेज के सूक्ष्म निरीक्षण से मिले तकनीकी साक्ष्यों व मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम भटेरा निवासी जितेन्द्र उर्फ मंझले विश्वकर्मा को हिरासत में लिया।
पूछताछ में स्वीकार की चोरी
पूछताछ में उसने अपने साथी कृष्ण कुमार चौरे उर्फ बबलू (निवासी जिला छिंदवाड़ा) के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी जितेन्द्र को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फरार आरोपी कृष्ण कुमार चौरे की गिरफ्तारी या सूचना देने वाले के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा ₹10,000 के इनाम की घोषणा की गई है।
यह भी पढ़ें: कोरबा कार्बन फैक्ट्री में बॉयलर फटने से भीषण आग, 30-40 मजदूरों ने भागकर बचाई जान