डिंडोरी में 17 जून से लापता 5 वर्षीय इमरान का शव ज

17 जून से लापता 5 वर्षीय इमरान का जंगल में मिला शव, मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस

5-Year-Old Missing Since June 17 Found Dead in Forest, Cops Probe

डिंडोरी (मध्यप्रदेश)। डिंडोरी जिले के करंजिया थाना क्षेत्र में पांच वर्षीय मासूम इमरान की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। 17 जून से लापता इमरान का शव सोमवार सुबह जंगल में क्षत-विक्षत हालत में मिलने से सनसनी फैल गई। शव के अंग अलग-अलग स्थानों पर बिखरे मिलने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई है, जबकि पुलिस जंगली जानवर के हमले, हादसे और हत्या सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। दरअसल तरेरा गांव निवासी इख्तियार खान का पांच वर्षीय बेटा इमरान 17 जून की सुबह घर से अचानक लापता हो गया था।

ग्रामीणों की सूचना पर जंगल से इमरान का शव हुआ बरामद

परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तीन थानों की टीमों, डॉग स्क्वॉड और ड्रोन की मदद से करीब 25 किलोमीटर क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया था। इसके बावजूद बालक का पता नहीं चल सका। सोमवार को ग्रामीणों की सूचना पर जंगल से उसका शव बरामद हुआ।

पूरे मामले की हर पहलू से हो रही जांच

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक आशीष खरे मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और एफएसएल टीम को जांच में लगा दिया गया है। पुलिस की मानें तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही इमरान की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पूरे मामले की हर पहलू से जांच जारी है।

यह भी पढ़ें:   मंडला में बारात गए युवक की संदिग्ध मौत, नाले में मिला शव