सीएसईबी (CSEB) चौकी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पं

CSEB पंप हाउस कॉलोनी में पुरानी रंजिश में 50 से अधिक युवकों ने किया हमला, कई घायल

50 Armed Youths Attack in CSEB Pump House Colony

कोरबा (छत्तीसगढ़)। सीएसईबी (CSEB) चौकी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पंप हाउस कॉलोनी में शुक्रवार की देर रात पुरानी रंजिश के चलते स्थिति बेहद तनावपूर्ण हो गई। 15 ब्लॉक से आए 50 से अधिक युवकों ने हथियारों से लैस होकर कॉलोनी पर धावा बोल दिया। इस हमले में एक युवती समेत कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

​छेड़छाड़ के विरोध से शुरू हुआ था विवाद

​मिली जानकारी के अनुसार, इस पूरे बवाल की जड़ कुछ समय पहले स्कूल के पास लड़कियों से की गई छेड़छाड़ का विरोध है। इसी पुरानी रंजिश को लेकर हमलावर युवक हरीश राव और उनके साथियों को निशाना बनाने पहुंचे थे। देखते ही देखते विवाद ने बड़ा रूप ले लिया। ​चश्मदीदों और पीड़ित पक्ष के अनुसार, हमलावर युवक जबरन घर के अंदर घुस गए। उन्होंने वहां खड़े वाहनों में जमकर तोड़फोड़ की। बीच-बचाव करने आई एक युवती के साथ भी मारपीट की गई। घटना में हरीश राव, एक महिला और एक अन्य युवक को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल दाखिल कराया गया है।

​CCTV में कैद हुई गुंडागर्दी, पुलिस बल तैनात

​हमले की यह पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें हमलावर साफ तौर पर गाड़ियों में तोड़फोड़ और हुड़दंग मचाते हुए दिखाई दे रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। इलाके में बने तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

जांच जारी, ​शांति बनाए रखने की अपील

ASP लखन पटले ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने दोनों पक्षों पर एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है। ​इस हिंसक झड़प के बाद से इलाके के रहवासियों में दहशत का माहौल है। प्रशासन और पुलिस विभाग ने स्थानीय नागरिकों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। पुलिस बल लगातार क्षेत्र में गश्त कर रहा है।

यह भी पढ़ें: दिल्ली को मिली हाईटेक डिजिटल लाइब्रेरी, गृहमंत्री अमित शाह ने किया उद्घाटन