चंदौली पुलिस ने अपहरण और फिरौती के 2015 के मामले म

चंदौली में 11 साल से फरार ₹50 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार

₹50,000 Rewarded Accused Wanted for 11 Years Arrested in Chandauli Kidnapping Case

चंदौली (उत्तर प्रदेश)। थाना मुगलसराय पुलिस ने सर्विलांस टीम की मदद से अपहरण और फिरौती मांगने के मामले में पिछले 11 वर्षों से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी वांछित अभियुक्त को बिहार के दानापुर, पटना से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

2015 का है मामला

पुलिस के अनुसार वर्ष 2015 में मैनाताली निवासी पवन कुमार भारूका ने मुगलसराय थाने में सूचना दी थी कि उनका करीब 24 वर्षीय पुत्र पीयूष भारूका घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। उसकी स्कूटी केंद्रीय विद्यालय मानसनगर के गेट के पास चाबी लगी अवस्था में लावारिस मिली थी। इसी दौरान परिजनों के मोबाइल पर पीयूष के मोबाइल नंबर से फिरौती के लिए फोन आया और उसे सकुशल पाने के बदले रुपये की मांग करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई थी।

मामले में पांच आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार

मामले में मुगलसराय थाने में मुकदमा अपराध संख्या 43/2015, धारा 364-ए और 506 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अपहृत पीयूष भारूका को सकुशल बरामद कर लिया था। मामले में पांच आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है और विवेचना पूरी कर न्यायालय में आरोप पत्र भी दाखिल किया जा चुका है।

19 अगस्त 2026 को दानापुर में हुआ गिरफ्तार

इसी मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी दिलीप कुमार सिंह पुत्र नागेंद्र सिंह, निवासी ग्राम बनखारा, थाना राजापाकर, जिला वैशाली, बिहार पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में सर्विलांस टीम की मदद से पुलिस ने 19 अगस्त 2026 को दानापुर, पटना से उसे गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी में विभिन्न पुलिस कर्मी रहे शामिल

गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक आशीष मिश्रा, जलीलपुर चौकी प्रभारी अजय कुमार, उपनिरीक्षक बांकेलाल, कांस्टेबल अभिषेक दूबे और कांस्टेबल राकेश यादव शामिल रहे। 

यह भी पढ़ेंः उमरिया में प्रसूता की मौत के बाद महिला के सनसनीखेज दावों से मचा हड़कंप