रिसियप थाना पुलिस की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर

चेकिंग के दौरान गुप्त तहखाने से 51 किलो गांजा बरामद, चार अंतरजिला तस्कर गिरफ्तार

51 kg Ganja Seized from Secret Car Compartment, 4 Smugglers Arrested

औरंगाबाद (बिहार)। रिसियप थाना पुलिस ने मद्य निषेध विभाग, पटना से मिली गुप्त सूचना के आधार पर एनएच-139 स्थित रिसियप थाना मोड़ के समीप एक कार के गुप्त तहखाने से 51 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस दौरान पुलिस ने चार अंतरजिला तस्करों को गिरफ्तार कर लिया।

सघन चेकिंग में पकड़ा गया संदिग्ध वाहन

थानाध्यक्ष संजीत राम ने बताया कि मादक पदार्थों की खेप गुजरने की सूचना पर थाना मोड़ के पास सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान एक संदिग्ध चार-पहिया वाहन को रोककर तलाशी ली गई। बारीकी से जांच करने पर वाहन के अंदर विशेष रूप से बनाए गए गुप्त तहखाने का पता चला, जहां से पैकेटों में छिपाकर रखा गया 51 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।

भोजपुर और रोहतास के रहने वाले हैं गिरफ्तार तस्कर

पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त वाहन के अलावा तीन मोबाइल फोन और एक जीपीएस ट्रैकर भी जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान भोजपुर जिले के पीरो थाना क्षेत्र के नया मोहम्मदपुर निवासी रामनाथ प्रसाद एवं भरसर निवासी मुकेश कुमार तथा रोहतास जिले के डेहरी थाना क्षेत्र के पश्चिमी मोहन बिगहा निवासी सत्येंद्र प्रसाद और आयरकोठा थाना क्षेत्र के मौड़ीहा निवासी उपेंद्र उपाध्याय के रूप में की गई है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज

थानाध्यक्ष ने बताया कि चारों आरोपितों के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप कहां से लाई जा रही थी और इसकी आपूर्ति किस स्थान पर की जानी थी। तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

यह भी पढ़ें: रायबरेली में ओवरलोडिंग पर बड़ा एक्शन, 17 वाहन सीज, 7 लाख का जुर्माना