झालावाड़ में 52 लाख की स्मैक जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार
झालावाड़ {राजस्थान}: जिला पुलिस की ओर से अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अकलेरा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 260 ग्राम स्मैक, तस्करी में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन तथा 10,900 रुपए नकद बरामद किए हैं। जब्त स्मैक की अनुमानित बाजार कीमत करीब 52 लाख रुपए बताई गई है।
अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान
जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आईपीएस ने बताया कि अपराध नियंत्रण एवं असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अवैध मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त, परिवहन, निर्माण एवं खपत में लिप्त अपराधियों के खिलाफ जिला स्तर पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत जिला स्पेशल टीम सहित सभी थाना स्तर पर विशेष टीमों का गठन कर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने रोका
अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद मीणा के निर्देशन एवं वृत्त अकलेरा के आरपीएस मनोज कुमार सोनी के निकटतम सुपरविजन में थानाधिकारी धर्माराम के नेतृत्व में विशेष टीम प्रभारी उप निरीक्षक राधेश्याम सुमन ने 26 अगस्त को नाकाबंदी के दौरान कार्रवाई की। टीम मनोहरथाना रोड स्थित बाईपास ब्रिज के आगे सर्विस रोड जोड़ पर बरेड़ी की घाटी की तरफ वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान बुलेट मोटरसाइकिल पर जा रहे दो व्यक्तियों की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर उन्हें रोककर नियमानुसार तलाशी ली गई।
तलाशी में 260 ग्राम स्मैक बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपियों के कब्जे से 260 ग्राम स्मैक बरामद हुई। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन और 10,900 रुपए नकद भी जब्त किए गए। पुलिस के अनुसार बरामद स्मैक की अनुमानित बाजार कीमत करीब 52 लाख रुपए है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों से स्मैक कहां से खरीदी गई थी, इसकी आगे कहां खपत की जानी थी तथा तस्करी नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं, इस संबंध में पूछताछ कर रही है।
दो तस्कर गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रघुवीर पुत्र कालूलाल भील, उम्र करीब 18 वर्ष, थाना घाटोली, जिला झालावाड़ और दिलराज पुत्र मदनलाल मीणा, उम्र 23 वर्ष, निवासी पथरिया, थाना अकलेरा, जिला झालावाड़ के रूप में हुई है। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाधिकारी धर्माराम, उप निरीक्षक राधेश्याम, हेड कांस्टेबल महेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल लालाराम, कांस्टेबल लखन और कांस्टेबल अनिल कुमार का सहयोग रहा।
यह भी पढ़ें: मोबाइल चार्जर लगाते समय 16 वर्षीय छात्रा को लगा करंट, मौत