बांदा के शिव बाबा तालाब में मिला 52 वर्षीय कल्लू वर्मा का शव, मौत की वजह अब भी अनजान
बांदा (उत्तर प्रदेश)। घर से निकले 52 वर्षीय पल्लू उर्फ कल्लू वर्मा की तलाश और इंतजार कर रहे परिजनों को शनिवार को ऐसी खबर मिली, जिसने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया। अतर्रा थाना क्षेत्र के माड़ी पुरवा स्थित शिव बाबा तालाब में उनका शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। आखिर घर से निकलने के बाद कल्लू वर्मा के साथ क्या हुआ? यह सवाल अब चर्चा का विषय बना हुआ है।
शिव बाबा तालाब में शव मिलने की सूचना पर पहुंची पुलिस
स्थानीय लोगों ने शिव बाबा तालाब में एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा तो तत्काल डायल 112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया और अतर्रा थाना पुलिस को जानकारी दी। स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और शिनाख्त की कार्रवाई शुरू की।
मृतक की हुई पहचान
मृतक की पहचान पल्लू उर्फ कल्लू वर्मा (52) पुत्र अयोध्या प्रसाद,निवासी माड़ी पुरवा अंश बल्लान,थाना अतर्रा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, पल्लू शुक्रवार की रात करीब आठ बजे के बाद घर नहीं लौटा था। शनिवार को तालाब में उसका शव मिलने की सूचना पर पुलिस ने परिजनों को बुलाया। मृतक शादीशुदा था। बताया जाता है कि वह नशे का आदी था।
तालाब में मौत की गुत्थी उलझी
तालाब में शव मिलने के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि पल्लू की मौत किन परिस्थितियों में हुई।फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
यह भी पढ़ें: अमेठी में बस की टक्कर से बाइक सवार की मौत, दूसरा गंभीर घायल