छत्तीसगढ़ के कटघोरा में मस्जिद में नमाज पढ़ रहे एक

कटघोरा: मस्जिद में नमाज के दौरान बुजुर्ग पर जानलेवा हमला, बाइक के शॉक-अप पाइप से ताबड़तोड़ वार

कटगोरा मस्जिद

कटघोरा (छत्तीसगढ)। नगर के वार्ड क्रमांक 8, शास्त्री नगर (पूछापारा) स्थित मक्का मस्जिद में नमाज के दौरान उस वक्त भारी अफरा-तफरी मच गई, जब एक 33 वर्षीय युवक ने 55 वर्षीय बुजुर्ग पर बाइक के लोहे के शॉक-अप (सॉकर) पाइप से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

चानक हुए हमले से मस्जिद परिसर में मची चीख-पुकार

​मिली जानकारी के अनुसार, पूछापारा निवासी महबूब आलम (55 वर्ष) मस्जिद में नमाज अदा कर रहे थे। इसी दौरान मोहल्ले का ही आरोपी माजिद हुसैन (33 वर्ष) हाथ में बाइक का शॉक-अप पाइप लेकर अचानक मस्जिद के भीतर दाखिल हुआ और सीधे महबूब आलम के सिर पर ताबड़तोड़ वार करने लगा। अचानक हुए इस खूनी हमले से मस्जिद परिसर में चीख-पुकार मच गई। वहां मौजूद अन्य नमाजियों ने तत्परता दिखाते हुए बीच-बचाव किया और बुजुर्ग को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया।

बुजुर्ग के सिर से भारी मात्रा में खून बहा

​हमला इतना घातक था कि बुजुर्ग के सिर से भारी मात्रा में खून बहने लगा। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनके सिर पर लगभग 12 टांके लगाए। गंभीर चोट और नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।

इलाके में दहशत फैलाने की नीयत से आए दिन ऐसी हरकतें

​स्थानीय नागरिकों के अनुसार, 33 वर्षीय आरोपी माजिद हुसैन आदतन अपराधी प्रवृत्ति का है और इलाके में दहशत फैलाने की नीयत से आए दिन ऐसी हरकतें करता रहता है। पवित्र इबादतगाह के भीतर एक बुजुर्ग पर इस तरह के कायराना और खूनी हमले से पूरे मुस्लिम समाज सहित क्षेत्रवासियों में भारी रोष व आक्रोश व्याप्त है।

पीड़ित पक्ष की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज

​घटना की सूचना पर कटघोरा पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संज्ञान में लिया है। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर आरोपी माजिद हुसैन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीमें आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। 

यह भी पढ़ेंः दीपिका और रुतुजा का शानदार प्रदर्शन, भारतीय महिला हॉकी टीम ने इंडोनेशिया को 17-1 से रौंदा