अमेठी में तेज रफ्तार ट्रक ने 56 वर्षीय व्यक्ति को मारी टक्कर, मौके पर दर्दनाक मौत
अमेठी (उत्तर प्रदेश)। जायस थाना क्षेत्र के रायबरेली-सुल्तानपुर राजमार्ग पर मिल एरिया के पास रविवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 56 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया, वहीं मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुबारकपुर मुखेटिया निवासी 56 वर्षीय मोबीन मिल एरिया के पास मौजूद थे। इसी दौरान सुल्तानपुर की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोबीन गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही जायस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को अपने कब्जे में लेने के साथ ही चालक को हिरासत में ले लिया है।
मृतक के शव का पंचायतनामा शुरू
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। मोबीन की अचानक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल बना हुआ है। थाना प्रभारी जायस ने बताया कि मिल एरिया के पास हुई सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की है। ट्रक चालक को हिरासत में लिया गया है तथा शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा और अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच-पड़ताल जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: औरंगाबाद में बिजली के टूटे तार की चपेट में आने से 4 साल के मासूम की मौत, खेलते समय हुआ दर्दनाक हादसा