झालावाड़ में डॉक्टरों ने 90 वर्षीय हलीमा बेगम के स

झालावाड़ में 90 वर्षीय महिला के सिर से 6 किलो का ट्यूमर निकाला, डॉक्टरों ने दी नई जिंदगी

6-Kg Tumor Removed from 90-Year-Old Woman in Jhalawar

झालावाड़ (राजस्थान)। झालावाड़ मेडिकल कॉलेज और श्री राजेंद्र गिरी (SRG) अस्पताल के न्यूरोसर्जरी विभाग के डॉक्टरों ने एक बेहद जटिल और दुर्लभ ऑपरेशन कर चिकित्सा क्षेत्र में नई मिसाल कायम की है। अकलेरा निवासी 90 वर्षीय हलीमा बेगम के सिर से 6 किलोग्राम वजनी विशाल ट्यूमर को सफलतापूर्वक निकालकर उन्हें एक नया जीवनदान दिया गया है।

9 सालों से कंधे पर ढोना पड़ रहा था बोझ

न्यूरोसर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. रामसेवक योगी ने बताया कि हलीमा बेगम को यह गांठ बचपन से ही थी, जो उम्र बढ़ने के साथ विकराल रूप लेती गई। हालत यह हो गई थी कि बीते 9 वर्षों से मरीज को सिर की इस गांठ का वजन संभालने के लिए उसे कंधे पर रखकर चलना पड़ता था। पिछले एक महीने में ट्यूमर का वजन इतना बढ़ गया कि उनका उठना-बैठना और दैनिक कार्य पूरी तरह बंद हो गए थे।

सर्जरी की जटिलताएं और रक्तस्राव की बड़ी चुनौती

अत्यधिक उम्र और ट्यूमर का आकार बड़ा होने के कारण यह ऑपरेशन अत्यंत जोखिम भरा था। एनेस्थीसिया विभागाध्यक्ष डॉ. संजीव गुप्ता ने बताया कि इस सर्जरी के दौरान मुख्य चुनौती अत्यधिक रक्तस्राव को रोकना थी, क्योंकि गर्दन की बड़ी रक्त धमनियां ट्यूमर में रक्त ले जा रही थीं। ऑपरेशन के दौरान सावधानीपूर्वक ट्यूमर को सप्लाई करने वाली धमनी को पहले काटा गया और मरीज को तुरंत 2 यूनिट ब्लड चढ़ाया गया ताकि सांस लेने में मरीज को कोई समस्या न आए और ब्लड प्रेशर नियंत्रित रहे।

चिकित्सा एवं पैरामेडिकल टीम का सराहनीय प्रयास

इस जटिल सर्जरी में डॉ. रामसेवक योगी के मार्गदर्शन में न्यूरोसर्जरी टीम के डॉ. रामावतार मालव, डॉ. जुबैर आलम, डॉ. रामकिशन मालव, डॉ. अटल राज मेहता और डॉ. आलोक शामिल रहे। इसके अलावा, एनेस्थीसिया विभाग से डॉ. संजीव गुप्ता तथा नर्सिंग व पैरामेडिकल स्टाफ से कन्हैयालाल सुतार एवं रवि का विशेष योगदान रहा। ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति में निरंतर सुधार हो रहा है। महिला के परिजनों ने सफल इलाज और जीवन रक्षा के लिए पूरी मेडिकल टीम के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया है। 

यह भी पढ़े:   दिवाली से पहले पटाखों के शोर की सीमा में ढील पर सुप्रीम कोर्ट ने CPCB से मांगी राय