जबलपुर के मदन महल स्टेशन पर शनिवार रात मालगाड़ी की

मदन महल स्टेशन पर दर्दनाक ट्रेन हादसा, 6 लोग मालगाड़ी की चपेट में आए; 2 की मौत

मदन महल स्टेशन पर दर्दनाक ट्रेन हादसा

जबलपुर। मदन महल स्टेशन पर शनिवार रात मालगाड़ी की चपेट में आने से एक महिला और एक बच्चे की मौत हो गई। जबकि हादसे में दो बच्चों समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

हादसा शनिवार रात करीब 11.30 बजे के बाद की मदन महल स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर हुआ। जानकारी के मुताबिक, तीन महिला और तीन बच्चे नरसिंहपुर से जनशताब्दी एक्सप्रेस में सवार हुए थे। ये सभी मदन महल स्टेशन पर ट्रेन से उतरने के बाद पटरी पार कर विपरीत दिशा में जा रहे थे। उसी दौरान अचानक मालगाड़ी आ गई और ये लोग उसकी चपेट में आ गए।

हादसे की जानकारी मिलते ही सीएसपी रितेश कुमार और आरपीएफ पोस्ट के प्रभारी सुजीत कुमार मौके पर पहुंचे। हादसे में मरने वालों की पहचान पुष्पा सोनी (39) पति कुलदीप सोनी और 4 वर्षीय राजबीर पिता वीरेंद्र पटेल के रूप में हुई है। ये सभी यात्री नरसिंहपुर के मुड़िया गांव के रहने वाले थे।

घायलों में शिवानी पटेल (22), नन्ही बाई (40), रीति पटेल (बच्ची), और इंद्रजीत पटेल (2) शामिल हैं। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/india/announcement-to-build-babri-masjid-memorial-in-greater-hyderabad/100290 ग्रेटर हैदराबाद में बाबरी मस्जिद मेमोरियल बनाने का ऐलान