निर्माणाधीन भवन के पीछे खुले टैंक में डूबने से 6 साल के शिवा की मौत, गांव में पसरा मातम
मैहर {मध्य प्रदेश}: रामनगर थाना क्षेत्र के देवरा-मोलहाई गांव में शाम सात बजे एक दर्दनाक हादसे में छह वर्षीय मासूम की पानी से भरे खुले टैंक में डूबने से मौत हो गई। मासूम घर के पास अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान वह निर्माणाधीन ग्राम पंचायत भवन के पीछे पहुंच गया, जहां सुरक्षा के इंतजाम के अभाव में पानी से भरा टैंक खुला पड़ा था। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
खेलते-खेलते निर्माणाधीन भवन के पीछे पहुंचा
जानकारी के अनुसार देवरा-मोलहाई निवासी भइयालाल का छह वर्षीय बेटा शिवा रविवार शाम घर के पास बच्चों के साथ खेल रहा था। खेलते-खेलते वह पास में निर्माणाधीन ग्राम पंचायत भवन के पीछे चला गया। बताया गया कि वहां एक खुला टैंक था, जिसमें पानी भरा हुआ था। इसी दौरान पैर फिसलने से शिवा टैंक में जा गिरा और गहरे पानी में डूब गया।
तलाश के दौरान टैंक में मिला शव
काफी देर तक शिवा के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। आसपास और रिश्तेदारों के यहां पूछताछ के बाद ग्रामीण भी खोजबीन में जुट गए। इसी दौरान निर्माणाधीन पंचायत भवन के पीछे स्थित पानी से भरे टैंक में मासूम का शव मिला। शव मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
रात करीब 9 बजे पुलिस को दी सूचना
घटना की जानकारी रविवार रात करीब 9 बजे रामनगर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विजय त्रिपाठी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया।
खुले टैंक को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम सोमवार को कराया जाएगा। इधर, निर्माणाधीन पंचायत भवन के पीछे पानी से भरे टैंक को बिना सुरक्षा व्यवस्था के खुला छोड़े जाने को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण स्थलों पर खुले गड्ढों और पानी के टैंकों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि इस तरह के हादसों को रोका जा सके।
ये भी पढ़ें: आगरा से आ रही गाड़ी को हाईवे पर ट्रक ने उड़ाया!' भेरू डूंगरी के पास भीषण हादसे एक की हालत गंभीर