झरने में नहाने गए 6 वर्षीय मासूम की डूबने से मौत, गांव में पसरा मातम
सिंगरौली {मध्य प्रदेश}: जिले के बगदरा पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत नौकहवा गांव के खड़िया टोला में सुबह एक हृदयविदारक हादसा सामने आया है। यहां गांव के पास स्थित झरने में नहाने गया एक 6 वर्षीय मासूम गहरे पानी में डूब गया, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में शोक की लहर छा गई है।
नहाते समय अचानक फिसला पैर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नौकहवा के खड़िया टोला निवासी छोटे सिंह गोड़ का 6 वर्षीय बेटा नागेन्द्र सिंह सुबह करीब 7 बजे गांव के ही झरने में नहाने गया था। नहाते समय अचानक उसका पैर फिसल गया और वह संतुलन खोकर गहरे पानी में समा गया।
पड़ोसी की चीख-पुकार पर जुटे ग्रामीण
मासूम को पानी में डूबता देखकर पास ही मौजूद पड़ोसी कृति गोड़ ने तुरंत शोर मचाया और मदद के लिए लोगों को बुलाया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तेजी से मौके पर पहुंचे और बच्चे को बचाने के लिए झरने में छलांग लगा दी। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद नागेन्द्र को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। मासूम की सांसें थम चुकी थीं।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही बगदरा पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद मासूम के शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में जांच-पड़ताल के साथ आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
बारिश के मौसम में सुरक्षा पर सवाल
इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। बारिश के मौसम में नदी, नालों और झरनों में पानी का स्तर बढ़ने के कारण छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
यह भी पढ़े: 50 हजार का इनामी राजू मुसहर मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली