बैतूल में दर्दनाक सड़क हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से 61 वर्षीय किसान की मौत, भांजा गंभीर घायल
बैतूल (मध्य प्रदेश)। जिले के करंजी नाले के पास शुक्रवार रात हुए एक सड़क हादसे में अज्ञात वाहन की टक्कर से कार सवार 61 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उनका भांजा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का जिला अस्पताल बैतूल में उपचार जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
कार को सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, शंकर राव पिता किशन राव लोखंडे उम्र 61 वर्ष निवासी घोघमा देवलवाड़ा, थाना भैंसदेही अपने भांजे मनोज कनाठे के साथ कार से बैतूल आए थे। उनकी बेटी की डिलीवरी होने पर वे उससे मिलने पहुंचे थे। बेटी से मुलाकात के बाद दोनों शुक्रवार रात करीब 9 बजे अपने घर लौट रहे थे। बताया गया, कि करंजी नाले के पास उनकी कार को सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर दोनों को देर रात जिला अस्पताल बैतूल लाया गया।
डॉक्टर ने जांच के बाद मृत किया घोषित
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद शंकर राव लोखंडे को मृत घोषित कर दिया, जबकि मनोज कनाठे की हालत गंभीर होने पर उन्हें भर्ती कर उपचार शुरू किया गया। सूत्रों के अनुसार घायल की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। परिजनों ने बताया कि शंकर राव लोखंडे खेती-किसानी का कार्य करते थे और परिवार के जिम्मेदार सदस्य थे। उनकी अचानक हुई मौत से परिवार में शोक का माहौल है। शनिवार को जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: किसान बनकर खाद दुकान पहुंचे तहसीलदार, गड़बड़ी मिलने पर दुकान सील