रीवा के क्योटी जलप्रपात में हादसे के बाद लापता 62

क्योटी जलप्रपात में हादसा: तेज बहाव में गिरे 62 वर्षीय वृद्ध का शव बरामद

62-Year-Old Man Dies After Falling Into Kyoti Waterfall

रीवा (मध्य प्रदेश)। रीवा सिरमौर थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रसिद्ध पर्यटक स्थल क्योटी जलप्रपात में शनिवार दोपहर हादसे का शिकार हुए 62 वर्षीय वृद्ध का शव रविवार को पुलिस और गोताखोरों की मदद से बाहर निकाल लिया गया। मृतक की पहचान ग्राम दुलहरा निवासी विश्राम साकेत के रूप में हुई है।

नहाते समय संतुलन बिगड़ने से कुंड में गिरने की आशंका

जानकारी के मुताबिक, विश्राम साकेत शनिवार सुबह करीब 11 बजे घर से निकले थे। जब वे देर तक वापस नहीं पहुंचे तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। जलप्रपात के पास उनके जूते पड़े मिलने पर अनहोनी की आशंका हुई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक वृद्ध नहाते समय संतुलन बिगड़ने से पानी के तेज बहाव में आकर प्रपात के कुंड में गिर गया था।

अंधेरा छाने के बाद रुका रेस्क्यू, सुबह निकाला शव

सूचना पर शनिवार शाम सिरमौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन अंधेरा हो जाने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन रोकना पड़ा। रविवार सुबह से पुलिस और गोताखोरों की टीम ने फिर से सर्च अभियान शुरू किया और रस्सियों की मदद से शव को गहरे कुंड से बाहर निकाला। परिजनों के अनुसार, मृतक लंबे समय से बीमार चल रहे थे। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। 

यह भी पढ़ें:   गुजरात के खेड़ा रेलवे स्टेशन पर 4 करोड़ का 2.90 किलो सोना बरामद, चार आरोपी गिरफ्तार