महासमुंद में 62.160 किलो गांजा जब्त, ओडिशा से इंदौर ले जा रहे दो तस्कर गिरफ्तार
महासमुंद (छत्तीसगढ़)। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोमाखान पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स के निर्देशानुसार जिले के सभी थाना-चौकी क्षेत्रों और बॉर्डर चेक पोस्ट पर गांजा तस्करी, परिवहन, बिक्री, एंड-टू-एंड एवं फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन को लेकर लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस ने कार को रोककर ली तलाशी
इसी दौरान थाना कोमाखान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर आ रही एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार (क्रमांक MP-13-ZW-9964) में दो व्यक्ति बड़ी मात्रा में अवैध गांजा लेकर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर ग्राम गोयनाबाहरा के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने कार को रोककर तलाशी ली।
पूछताछ में स्वीकारा
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान सुरेश मालवीय (30 वर्ष), निवासी देवली पीपलोन, थाना आगर, जिला सागर (मध्यप्रदेश) और एल्कार सेन (30 वर्ष), निवासी मारूबल्डिया, थाना बड़ोद, जिला आगर (मध्यप्रदेश) के रूप में बताई। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे ओडिशा के भवानीपटना से गांजा लेकर इंदौर (मध्यप्रदेश) जा रहे थे।
तलाशी के दौरान पुलिस ने किया गांजा बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस ने कार से 62.160 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया। मामले में थाना कोमाखान में अपराध क्रमांक 99/2026 के तहत धारा 20(b)(ii)(C) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर गांजा तस्करी के नेटवर्क और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
यह भी पढ़े: मैहर में मंदिरों के घंटे चोरी करने वाला अंतर्राज्यीय गिरोह बेनकाब, 5 चोर और 3 बर्तन व्यापारी गिरफ्तार