उज्जैन के तराना में आबकारी विभाग की कार्रवाई, मकान से 63 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त
उज्जैन (मध्य प्रदेश)। उज्जैन जिले के तराना में आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मकान से 63 बल्क लीटर शराब जब्त की है। कार्रवाई रविवार सुबह पाला मोहल्ला स्थित मकान नंबर 132 पर की गई। मामले में भारत सिंह को गिरफ्तार किया गया है, जिसके खिलाफ पहले से 11 प्रकरण दर्ज बताए गए हैं।
तलाशी में देशी-विदेशी शराब बरामद
आबकारी विभाग को मकान में अवैध रूप से शराब रखे होने की सूचना मिली थी। टीम मौके पर पहुंची, लेकिन दरवाजा नहीं खोला गया। इसके बाद पुलिस और गवाहों की मौजूदगी में दरवाजा खुलवाकर मकान की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान 200 पाव प्लेन देशी शराब, 50 पाव मसाला देशी शराब, 50 पाव एमडी रम और 12 बोतल आरएस व्हिस्की बरामद हुई। जब्त शराब की कुल मात्रा 63 बल्क लीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 46 हजार रुपए है।
आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा
आबकारी कंट्रोलर मुकेश रंधा के अनुसार आरोपी भारत सिंह के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) और 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। आबकारी विभाग के मुताबिक आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट के तहत भी मामले दर्ज हैं। कार्रवाई के बाद विभाग ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान जारी रखने की बात कही है।
यह भी पढ़ें: गोण्डा में घर में चोरी का खुलासा, मोतीगंज पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार