उड़ान के दौरान अचानक बदली विमान की ऊंचाई, यात्रियो

फुकेत-दिल्ली एयर इंडिया फ्लाइट में भारी टर्बुलेंस, 7 यात्री अस्पताल में भर्ती; जांच जारी

7 Hurt After Turbulence on Phuket-Delhi Flight

नई दिल्ली (भारत)। थाईलैंड के फुकेत से नई दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI2379 में मंगलवार को अचानक तेज टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा। उड़ान के दौरान विमान की ऊंचाई में अचानक बदलाव आया, जिससे कई यात्री घायल हो गए। घटना के बाद विमान को सुरक्षित रूप से दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतारा गया।

7 यात्रियों को अस्पताल में कराया गया भर्ती

टर्बुलेंस की घटना के बाद सात यात्रियों को चिकित्सा जांच और इलाज के लिए दिल्ली के वसंत कुंज स्थित फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, सभी यात्रियों का इमरजेंसी विभाग में पहुंचते ही तुरंत मेडिकल आकलन किया गया और इलाज शुरू कर दिया गया।

फोर्टिस अस्पताल ने जारी किया बयान

फोर्टिस अस्पताल ने बताया कि मरीजों की शुरुआती स्थिति स्थिर पाए जाने के बाद बेहतर चिकित्सा व्यवस्था के लिए "कोड येलो" सक्रिय किया गया। जरूरत के अनुसार यात्रियों के सीटी स्कैन, एमआरआई और एक्स-रे जैसे जरूरी टेस्ट किए जा रहे हैं। अस्पताल ने कहा कि मेडिकल टीम लगातार सभी यात्रियों की स्थिति पर नजर बनाए हुए है। जांच पूरी होने के बाद ही चोटों की गंभीरता और आगे के इलाज की जानकारी साझा की जाएगी।

एयर इंडिया ने दी घटना की जानकारी

एयर इंडिया ने बयान जारी कर बताया कि फ्लाइट AI2379 में उड़ान के दौरान कुछ समय के लिए टर्बुलेंस की स्थिति बनी, जिसके कारण विमान की ऊंचाई में अचानक बदलाव आया। हालांकि एयरलाइन के मुताबिक किसी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई है। एयर इंडिया ने कहा कि मामूली चोटों वाले यात्रियों और कुछ क्रू मेंबर्स को एहतियात के तौर पर चिकित्सा जांच के लिए ले जाया गया।

हवाई अड्डे पर दिखीं एंबुलेंस, यात्रियों का हुआ इलाज

घटना के बाद दिल्ली एयरपोर्ट पर एंबुलेंस तैनात की गईं। कुछ यात्रियों को व्हीलचेयर पर ले जाते हुए देखा गया, जबकि कुछ यात्रियों को चोटों के कारण प्राथमिक उपचार दिया गया। एक यात्री ने बताया कि उड़ान के दौरान अचानक तेज झटके महसूस हुए, जिसके बाद कई लोग घायल हो गए। यात्री के अनुसार, कुछ लोगों को सिर और पीठ में चोटें आईं और उन्हें तुरंत मेडिकल सहायता दी गई।

एयर इंडिया ने यात्रियों को मदद का दिया भरोसा

एयर इंडिया ने कहा है कि वह प्रभावित यात्रियों और उनके परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध करा रही है। साथ ही घटना की जांच के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग किया जा रहा है।

यह भी पढ़े: ईरान में राजनीतिक संकट: खमेनेई ने पेजेशकियन को 'आखिरी अल्टीमेटम' दिया, IRGC कमांडर का किया समर्थन