औरंगाबाद में माइनर में डूबने से 7 वर्षीय मासूम की मौत, गांव में पसरा मातम
औरंगाबाद,(बिहार)। ओबरा प्रखंड के अमिलौना पंचायत अंतर्गत सदा बिगहा गांव रविवार सुबह गम में डूब गया। यहां सिंचाई के लिए बने खरांटी रजवाहा माइनर में गिरने से 7 वर्षीय बालक विक्की कुमार की मौत हो गई। मासूम की लाश मिलने की सूचना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
शनिवार शाम लगभग 7 बजे घर से खेलने निकला था: मृतक
मृतक विक्की गांव निवासी रितेश यादव का छोटा बेटा था। परिवार के मुताबिक शनिवार शाम लगभग 7 बजे विक्की घर से खेलने निकला था। काफी देर बीत जाने के बाद भी जब वह लौटकर नहीं आया तो घर वाले परेशान हो गए। मां मंजू देवी और रिश्तेदारों ने गांव के लोगों के साथ मिलकर रातभर आसपास तलाश की, लेकिन कहीं पता नहीं चला।
जोगी बिगहा संपर्क मार्ग के पास बने माइनर से शव बरामद
लोगों को शक हुआ कि खेलते समय विक्की गलती से रजवाहा में गिर गया होगा। इसके बाद ग्रामीणों ने सिंचाई विभाग से संपर्क कर माइनर का पानी बंद कराने की गुहार लगाई। विभाग के कर्मचारियों ने शनिवार रात ही पानी का बहाव रोक दिया ताकि सुबह खोजबीन में दिक्कत न हो। रविवार सुबह करीब 7 बजे जम्होर थाने के थानाध्यक्ष सूर्यवीर कुमार दलबल के साथ घटनास्थल पहुंचे। पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर माइनर में खोज शुरू की। इसी दौरान जोगी बिगहा संपर्क मार्ग के पास बने माइनर से विक्की का शव बरामद किया गया। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेज दिया।
परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं
विक्की दो भाइयों में सबसे छोटा था। पिता रितेश यादव दिल्ली में मजदूरी कर घर चलाते हैं। हादसे की खबर मिलते ही वह औरंगाबाद के लिए रवाना हो गए। बेटे की मौत की सूचना मिलते ही मां मंजू देवी बदहवास हो गईं। घर में चीख-पुकार मच गई। घटना की खबर सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और उन्हें सांत्वना दी। मुखिया दिनेश राम ने कहा कि परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मृतक के आश्रितों को जल्द सरकारी मदद उपलब्ध कराई जाए। पंचायत की तरफ से भी हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया गया।
मृतक के परिजनों को 4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि
अंचलाधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जरूरी कागजात जमा होने के बाद सरकार के नियमों के अनुसार मृतक के परिजनों को 4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। थानाध्यक्ष सूर्यवीर कुमार ने कहा कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: चंदौली में विवाहिता की संदिग्ध मौत, पति समेत ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का केस दर्ज