सलोन कोतवाली क्षेत्र के गिलकैयापुर गांव में रविवार

रायबरेली में दिल दहला देने वाला हादसा: ट्रैक्टर से गिरकर रोटावेटर की चपेट में आया 7 साल का मासूम

7-Year-Old Crushed Under Rotavator in Raebareli

रायबरेली {उत्तर प्रदेश}: सलोन कोतवाली क्षेत्र के गिलकैयापुर गांव में रविवार तड़के एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। यहां खेत की जुताई के दौरान एक 7 वर्षीय मासूम की रोटावेटर की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। इस रोंगटे खड़े कर देने वाले हादसे के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है।

खेत की जुताई के दौरान हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार, गिलकैयापुर निवासी लकी यादव (7) पुत्र शिवमूरत रविवार सुबह अपने ताऊ (बड़े पापा) के साथ ट्रैक्टर पर बैठकर खेत की जुताई देखने गया था। वह ट्रैक्टर पर ही बैठा हुआ था कि अचानक खेत की उबड़-खाबड़ जमीन पर ट्रैक्टर को एक जोरदार झटका लगा। झटका लगते ही मासूम लकी का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नीचे चल रहे रोटावेटर के ब्लेडों के बीच जा गिरा। हादसा इतना भीषण और वीभत्स था कि रोटावेटर की चपेट में आने से मासूम ने मौके पर ही तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया।

चीख-पुकार से गूंज उठा इलाका

घटना के वक्त चीख-पुकार सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण और परिजन बदहवास हालत में मौके पर दौड़े। ट्रैक्टर को तुरंत रोका गया, लेकिन तब तक मासूम लकी की सांसें थम चुकी थीं।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

इकलौते चिराग की इस तरह अचानक हुई मौत से मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन बार-बार बेहोश हो रहे हैं, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है। हादसे की सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक अमरनाथ सरोज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का मुआयना कर परिजनों से पूछताछ की।

पोस्टमार्टम से किया इनकार

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बालेंदु गौतम ने बताया कि बच्चा अपने ताऊ के साथ खेत की जुताई देखने गया था, जहां यह दुखद हादसा हुआ। परिजनों ने मासूम के शव का पोस्टमार्टम कराने से साफ इनकार कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि परिजनों की ओर से मामले में कोई तहरीर दी जाती है, तो नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़े: केन-बेतवा परियोजना के खिलाफ धरना खत्म, पुलिस ने आंदोलनकारी को हिरासत में लिया