माड़ा थाना क्षेत्र के रैला-बंधौरा मार्ग पर दर्दनाक

हाइवा और ईको की भीषण भिड़ंत में 7 वर्षीय सूर्यांश की दर्दनाक मौत, 8 घंटे तक चला चक्काजाम

7-Year-Old Dies in Tragic Highway-Eeco Collision

सिंगरौली {मध्य प्रदेश}: माड़ा थाना क्षेत्र के रैला-बंधौरा मार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसा घटित हुआ। एक तेज रफ्तार हाइवा और ईको कार के बीच हुई भीषण टक्कर में 7 वर्षीय सूर्यांश शाह की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

रक्षाबंधन मनाने ननिहाल जा रहा था परिवार

रजमिलान निवासी मनप्रसाद शाह का 7 वर्षीय पुत्र सूर्यांश (श्रेयांश) अपने माता-पिता और अन्य रिश्तेदारों के साथ ईको कार में सवार होकर रक्षाबंधन मनाने अपने ननिहाल भैंसाबूढ़ा जा रहा था। जैसे ही उनकी कार रैला-बंधौरा मार्ग पर पहुंची, सामने से आ रहे हाइवा ने ईको कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ईको कार के परखच्चे उड़ गए। मासूम सूर्यांश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि कार में सवार उसके माता-पिता समेत 3-4 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

राहगीरों ने घायलों को बाहर निकाला

हादसे के बाद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद घायलों को क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के तुरंत बाद हाइवा चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। हादसे से आक्रोशित भीड़ ने हाइवा पर जमकर पथराव करते हुए तोड़फोड़ की। इसके बाद लोगों ने सूर्यांश के शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। दोपहर करीब 1 बजे शुरू हुआ यह प्रदर्शन देर रात तक जारी रहा। परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क पर आवागमन पूरी तरह बाधित कर दिया और मृतक के परिवार के लिए 60 लाख रुपये के मुआवजे की मांग पर अड़ गए।

एसडीएम की मौजूदगी में हुई बैठक

जब मौके पर बात नहीं बनी, तो एसडीएम नंदन दुबे ने बंधौरा चौकी में दोनों पक्षों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की। देर रात तक चली लंबी वार्ता और समझाइश के बाद मुआवजे को लेकर सहमति बनी। वार्ता के बाद कोल कंपनी द्वारा 4 लाख रुपये और वाहन मालिक द्वारा 2 लाख रुपये, यानी कुल 6 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि देने पर सहमति बनी। सहायता राशि मिलने का आश्वासन और समझौते के दस्तावेज पर हस्ताक्षर होने के बाद देर रात हंगामा खत्म हुआ। इसके बाद परिजन शव का पंचनामा कराने के लिए सहमत हुए।

रात 11 बजे पुलिस ने शव कब्जे में लिया

इसके बाद रात करीब 11 बजे पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया। पुलिस ने फरार हाइवा चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें: सतना में बाढ़ राहत अभियान जारी, 350 से ज्यादा लोगों का रेस्क्यू; सेना के हेलीकॉप्टर ने 2 को बचाया