बांदा में 7 वर्षीय छात्रा से स्कूल में गलत काम का आरोप, जांच में जुटी पुलिस
बांदा: जिस उम्र में बच्चों के हाथों में किताबें और आंखों में सपने होते हैं, उस उम्र की सात वर्षीय मासूम छात्रा से विद्यालय में गलत काम किए जाने का आरोप सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मामला बदौसा थाना क्षेत्र के एक प्राथमिक विद्यालय का है। बच्ची के पिता की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। हालांकि, पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने प्रारंभिक जांच में आरोपों को संदिग्ध बताया है। ऐसे में अब पुलिस की जांच और सामने आने वाले साक्ष्यों पर सभी की निगाहें टिकी हैं।
ये है पूरा मामला
परिजनों की ओर से दी गई शिकायत के मुताबिक, बच्ची के पिता अपनी पत्नी के साथ 6 अक्टूबर को मैहर की पैदल यात्रा पर गए थे। इस दौरान बच्ची परिवार के अन्य सदस्यों के पास रह रही थी। आरोप है कि 8 अक्टूबर को स्कूल में पानी लाने के बहाने छात्रा को कार्यालय में बुलाया गया और उसके साथ गलत काम किया गया। पिता के अनुसार, 10 अक्टूबर को घर लौटने के बाद बच्ची ने अपनी मां को रोते हुए कथित घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने मामले की शिकायत पुलिस से की। शिकायत सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की।
मेडिकल और विद्यालय स्टाफ से पूछताछ
जानकारी के अनुसार, बच्ची के बयान दर्ज किए गए हैं और उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है। स्कूल के पूरे स्टाफ के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। बच्ची को वन स्टॉप सेंटर भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि न्यायालय के समक्ष बयान दर्ज कराने के बाद साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आरोप मनगढ़ंत प्रतीत हो रहे हैं। बच्ची की ओर से भी अभी ऐसा कोई बयान नहीं दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल शिकायत, बयानों और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है।
ये भी पढ़ें- डिंडौरी में भैंस ने आठ पैर वाले बछड़े को दिया जन्म, देखने उमड़ी लोगों की भीड़