मुरैना में NH-44 पर अज्ञात कंटेनर ट्रक की टक्कर से

अज्ञात कंटेनर की टक्कर से 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत

70-Year-Old Man Killed in Container Truck Accident on NH-44 in Morena

मुरैना (मध्य प्रदेश)। राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी कट पॉइंट के सामने एक अज्ञात कंटेनर ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

हादसे की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली थाना पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल घायल बुजुर्ग को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान दयाराम सिंह पुत्र कप्तान सिंह गुर्जर, उम्र लगभग 70 वर्ष, निवासी नूराबाद के रूप में हुई है।

हादसे के बाद NH-44 पर यातायात प्रभावित

दुर्घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर मुरैना से ग्वालियर जाने वाले मार्ग पर यातायात प्रभावित हो गया। सड़क पर वाहनों की आवाजाही बाधित रही। पुलिस द्वारा घायल को अस्पताल पहुंचाने और घटनास्थल पर आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद यातायात बहाल कराया गया।

फरार कंटेनर ट्रक और चालक की तलाश में जुटी पुलिस

सिटी कोतवाली पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचाया और मर्ग कायम कर लिया है। वहीं, हादसे को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हुए अज्ञात कंटेनर ट्रक और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

यह भी पढ़ें:   सुल्तानपुर में 3.25 करोड़ की स्मैक के साथ पांच तस्कर गिरफ्तार, 864 ग्राम से अधिक मादक पदार्थ बरामद