मुरादाबाद में बुजुर्ग की धारदार हथियार से हत्या, हाईवे किनारे मिला खून से लथपथ शव
मुरादाबाद,(उत्तर प्रदेश)। मुरादाबाद-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे शनिवार देर रात एक बुजुर्ग की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने मृतक के चेहरे और हाथों पर ताबड़तोड़ वार किए। वारदात से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना पर एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह, सीओ बिलारी अशोक कुमार, थाना प्रभारी कुंदरकी, कोतवाली मैंनाठेर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। डॉग स्क्वायड ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गन्ने का रस बेचता था, चौकीदारी भी करता था
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान ग्राम नानपुर निवासी करन सिंह पुत्र कल्लू सिंह उम्र 70 वर्ष के रूप में हुई है। करन सिंह हाईवे किनारे बिजलीघर और भाजपा मंडल कार्यालय के पास गन्ने के रस का ठेला लगाता था। साथ ही वह बिजलीघर की चौकीदारी भी करता था। उसकी कच्ची झोपड़ी के सामने ही कोल्हू और इंजन रखा रहता था और वह उसी के बाहर तख्त पर सोता था।
चाय लेकर गई तो दिखा लहूलुहान शव
परिजनों ने बताया कि शनिवार रात रोज की तरह काम निपटाकर करन सिंह झोपड़ी के बाहर सो गया था। आशंका है, कि रात करीब ढाई से तीन बजे के बीच किसी अज्ञात हमलावर ने धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया। रविवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे पत्नी फूलवती जब चाय लेकर पहुंची तो पति को खून से लथपथ देखकर चीख पड़ी। शोर सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी।
जल्द होगा खुलासा: एसपी देहात
एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच कई बिंदुओं पर की जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। करन सिंह के दो बेटे प्रदीप उर्फ छोटे और जीतू सिंह गांव के अंदर परिवार के साथ रहते हैं। करन सिंह अकेले ही हाईवे किनारे झोपड़ी में रहता था। परिजनों की ओर से थाने में तहरीर दे दी गई है। फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ेंः मोतिहारी में अवैध कारतूस फैक्ट्री का भंडाफोड़, 500 से ज्यादा कारतूस बरामद