कामेश्वर महादेव मंदिर परिसर में 70 वर्षीय संत की संदिग्ध मौत, हत्या और लूट की आशंका
सिरोही (राजस्थान)। जिले के शिवगंज थाना क्षेत्र के ध्रुवाना गांव से करीब 3 किलोमीटर दूर स्थित कामेश्वर महादेव मंदिर परिसर में 70 वर्षीय संत त्रिवेणीगिरी महाराज की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मंदिर परिसर में संत का शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
मामले की गहन जांच की मांग
घटना की सूचना मिलने पर शिवगंज डीएसपी और थानाधिकारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि संत त्रिवेणीगिरी महाराज मंदिर परिसर में अकेले रहते थे। उनका शव गुरुवार देर शाम बरामद हुआ। मामले की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में साधु-संत भी मौके पर पहुंचे। साधु-संतों ने संत की मौत को हत्या बताते हुए मामले की गहन जांच की मांग की है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र कुमार के अनुसार, पुलिस की शुरुआती जांच में मामला हत्या से जुड़ा प्रतीत हो रहा है।
मौत की वास्तविक वजह अभी समने नहीं
शव करीब दो से तीन दिन पुराना होने की आशंका जताई गई है। संत के शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं। वहीं, पुलिस के अनुसार संत का सामान भी मौके से गायब मिला है, जिसके चलते लूट की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। हालांकि मौत की वास्तविक वजह और घटना के पीछे की परिस्थितियों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
मामले की जांच जारी
पुलिस ने शुक्रवार को मेडिकल बोर्ड का गठन करवाकर घटनास्थल पर ही शव का पोस्टमार्टम कराया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और घटनास्थल के आसपास के क्षेत्र के साथ संदिग्ध लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। संत की संदिग्ध मौत के बाद कामेश्वर महादेव मंदिर परिसर में साधु-संतों और स्थानीय लोगों में आक्रोश का माहौल है। पुलिस अब हत्या, लूट और मौत से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ेंः छात्राओं को अश्लील वीडियो दिखाने वाला शिक्षक गिरफ्तार, पोक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई