रायबरेली के 7,189 लोगों ने डाउनलोड किया जलसारथी ऐप, घर बैठे मिलेगी पेयजल योजनाओं की जानकारी
रायबरेली: गांव की पेयजल व्यवस्था और पानी से जुड़ी जानकारियों के लिए अब ग्रामीणों को दफ्तरों के चक्कर काटने से मुक्ति मिल गई है। जल जीवन मिशन के तहत विकसित 'जलसारथी ऐप' के जरिए अब लोग घर बैठे अपने मोबाइल पर ही पेयजल योजनाओं, 'हर घर नल' कनेक्शन और जलापूर्ति की पल-पल की अपडेट ले रहे हैं। रायबरेली जनपद में इस डिजिटल पहल को जबरदस्त प्रतिसाद मिल रहा है। अब तक 7,189 लोग इस ऐप को अपने फोन में डाउनलोड कर चुके हैं।
जलसारथी ऐप से पेयजल योजनाओं में पारदर्शिता
जलसारथी ऐप का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण पेयजल योजनाओं से जुड़ी हर जानकारी को आम जनता तक पारदर्शी तरीके से पहुंचाना है। इसके माध्यम से ग्रामीण अपने गांव में चल रही जल योजनाओं की प्रगति देख सकते हैं, जिससे वे पेयजल व्यवस्था के प्रति जागरूक होने के साथ-साथ इसकी निगरानी में अपनी सक्रिय भागीदारी भी निभा रहे हैं। यह ऐप केवल जानकारी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह ग्रामीणों और विभाग के बीच सीधा सेतु का काम कर रहा है। पानी की आपूर्ति में बाधा, लीकेज या अन्य किसी भी पेयजल समस्या के समाधान के लिए नागरिक आसानी से अपनी बात विभाग तक पहुंचा सकते हैं।
जलसारथी ऐप पर फोटो-वीडियो से दर्ज करें शिकायत
इसके अलावा पाइपलाइन बिछाने के बाद अगर गांव में सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं, तो उसकी मरम्मत के लिए भी विशेष प्रावधान किया गया है। नागरिक मौके की फोटो और वीडियो सीधे ऐप पर अपलोड कर शिकायत दर्ज करा सकते हैं, जिससे संबंधित अधिकारियों तक सटीक और वास्तविक स्थिति पहुंचती है। जल निगम के अधिशासी अभियंता रणविजय सिंह ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में 'जलसारथी ऐप' डाउनलोड करें और इसका लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि डिजिटल सुविधाओं के इस दौर में ग्रामीण अपनी समस्याओं और सुझावों को आसानी से विभाग तक पहुंचा सकते हैं। रणविजय सिंह ने लोगों से आह्वान किया कि वे इस तकनीक का इस्तेमाल कर रायबरेली की ग्रामीण पेयजल व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने में अपना योगदान दें।
ये भी पढ़ें- दस हाथों वाली मायावती की तस्वीर वाला पोस्टर वायरल, संविधान से किसान तक के प्रतीक शामिल