बैतूल में पत्नी पर आपत्तिजनक टिप्पणी से भड़का 73 वर्षीय बुजुर्ग, कुल्हाड़ी मारकर की हत्या
बैतूल (मध्य प्रदेश)। बैतूल जिले के एक गांव से चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां 73 वर्षीय बुजुर्ग ने पत्नी को लेकर की गई आपत्तिजनक बात पर एक व्यक्ति की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। मामले का खुलासा करते हुए बैतूल बाजार पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। घटना दिनांक 13 सितंबर 2026 को सामने आई, जब ग्राम सरण्डई स्थित घर में कार्य करने वाले नौकर नेहरू उईके का शव मृत अवस्था में मिला था।
वैज्ञानिक साक्ष्यों और पूछताछ से हुआ हत्या का खुलासा
थाना बैतूल बाजार पुलिस द्वारा मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर धारदार हथियार से चोट लगने के कारण मौत होने की पुष्टि हुई, जिसके बाद अज्ञात आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की धाराओं के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। विवेचना के दौरान 73 वर्षीय संदेही मुंदू मर्सकोले से गहन पूछताछ की गई। आरोपी ने स्वीकार किया कि पोला पर्व के दिन मृतक शराब के नशे में उसकी पत्नी के संबंध में आपत्तिजनक बातें कर रहा था और गलत तरीके से बात कर रहा था।
आरोपी की गिरफ्तारी और हथियार बरामदगी
गुस्से में आकर बुजुर्ग आरोपी ने घर में रखी कुल्हाड़ी से नेहरू उईके के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने उसके घर से घटना में प्रयुक्त लोहे की कुल्हाड़ी को विधिवत जब्त कर लिया है। पुलिस ने आरोपी मुंदू मर्सकोले को गिरफ्तार कर विधिवत कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
यह भी पढ़ें: बांदा में मां की आंखों के सामने नदी में समाया 5 वर्षीय प्रियांशु, 26 घंटे बाद जाल में मिला शव