उज्जैन रेलवे स्टेशन पर करीब 75 किलो डोडाचूरा जब्त, पंजाब की दो महिलाएं गिरफ्तार
उज्जैन (मध्य प्रदेश)। रेलवे स्टेशन पर जीआरपी पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार रात प्लेटफॉर्म नंबर 8 पर पुलिस ने दोनों को घेरकर पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके ट्रॉली बैग और अन्य बैगों से 74 किलो 995 ग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपए बताई गई है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
जीआरपी के मुताबिक, रेलवे स्टेशन पर लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो महिलाएं बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ लेकर स्टेशन पर मौजूद हैं। सूचना के बाद थाना प्रभारी सुनील कुमार गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने प्लेटफॉर्म नंबर 8 पर नागदा की ओर से आ रही दोनों महिलाओं को घेराबंदी कर पकड़ लिया।
परमिंदर कौर से 41 किलो 555 ग्राम डोडाचूरा बरामद
तलाशी के दौरान परमिंदर कौर उम्र 36 वर्ष के पास एक ट्रॉली बैग और दो पिट्ठू बैग मिले। पुलिस के अनुसार, इन बैगों से 41 किलो 555 ग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। इसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है।
जसविंदर कौर से 33 किलो 440 ग्राम बरामद
वहीं दूसरी आरोपी जसविंदर कौर उर्फ किंडर उम्र 47 वर्ष के पास एक ट्रॉली बैग और एक हैंड बैग मिला। तलाशी में इनसे 33 किलो 440 ग्राम डोडाचूरा बरामद किया गया। इसकी अनुमानित कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई गई है।
दोनों से करीब 75 किलो डोडाचूरा जब्त
पुलिस के अनुसार, दोनों महिलाओं के पास से कुल 74 किलो 995 ग्राम यानी करीब 75 किलो डोडाचूरा जब्त किया गया। दोनों पंजाब के लुधियाना ग्रामीण जिले के तलवंडी कला गांव की रहने वाली हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि डोडाचूरा कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
तस्करी नेटवर्क की जानकारी जुटा रही पुलिस
जीआरपी पुलिस के मुताबिक, मामले में तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की जानकारी भी जुटाई जा रही है। दोनों महिलाओं के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में सामने आने वाली जानकारी के आधार पर नशे की खेप के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
यह भी पढ़ें: फतेहपुर में हत्या के प्रयास के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, बेल्ट-लोहे की रॉड बरामद