यूपी में 8 बड़ी कंपनियों का 45 हजार करोड़ से अधिक निवेश, गौतम बुद्ध नगर बनेगा नया औद्योगिक हब
लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। उत्तर प्रदेश अब देश के सबसे बड़े औद्योगिक और निवेश केंद्रों में तेजी से उभर रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में 8 बड़ी कंपनियां 45 हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश करने जा रही हैं। इन परियोजनाओं से 25 हजार से ज्यादा रोजगार के अवसर पैदा होंगे। हरित ऊर्जा, सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में यह निवेश उत्तर प्रदेश की औद्योगिक तस्वीर को नई दिशा देगा।
नीतियों ने बदली निवेश की तस्वीर
उत्तर प्रदेश सरकार की औद्योगिक निवेश एवं रोजगार प्रोत्साहन (IIEP) नीति-2022, एफडीआई/एफसीआई एवं फॉर्च्यून-500 निवेश प्रोत्साहन नीति-2023 तथा सेमीकंडक्टर नीति-2024 ने निवेशकों का भरोसा मजबूत किया है। परियोजनाओं की आवश्यकता के अनुरूप विशेष प्रोत्साहन, तेज अनुमोदन प्रक्रिया और उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण ने प्रदेश को राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि वैश्विक निवेश मानचित्र पर भी नई पहचान दिलाई है। इन आठ परियोजनाओं में से छह को IIEP-2022 के तहत सहायता मिली है, जबकि एसेंट के सर्किट को एफडीआई नीति-2023 और एचसीएल-फॉक्सकॉन (इंडिया चिप प्रा लि) को सेमीकंडक्टर नीति-2024 के अंतर्गत प्रोत्साहन प्रदान किया गया है।
हरित ऊर्जा क्षेत्र में सबसे बड़ा निवेश
हरित ऊर्जा क्षेत्र में अवाडा इलेक्ट्रो लिमिटेड ने 16,139 करोड़ रुपये के निवेश की घोषणा की है। इस परियोजना से लगभग 7,400 नए रोजगार सृजित होंगे, जिससे उत्तर प्रदेश देश के नवीकरणीय ऊर्जा विनिर्माण क्षेत्र में अग्रणी राज्यों की श्रेणी में और मजबूत होगा। इसी क्षेत्र में एसएईएल सोलर प्राइवेट लिमिटेड ने 8,000 करोड़ रुपये के निवेश के साथ लगभग 7,760 रोजगार सृजित करने की योजना बनाई है। वहीं ओरियाना पावर लिमिटेड 4,500 करोड़ रुपये तथा सीईएससी ग्रीन पावर लिमिटेड 3,805 करोड़ रुपये का निवेश कर प्रदेश के हरित ऊर्जा इकोसिस्टम को नई ऊंचाई देंगे।
सेमीकंडक्टर और हाईटेक मैन्युफैक्चरिंग को नई उड़ान
उत्तर प्रदेश अब केवल पारंपरिक उद्योगों तक सीमित नहीं है, बल्कि हाईटेक विनिर्माण का भी प्रमुख केंद्र बनता जा रहा है। एचसीएल-फॉक्सकॉन (इंडिया चिप प्रा. लि.) सेमीकंडक्टर नीति के तहत 3,706 करोड़ रुपये का निवेश कर रही है, जिससे लगभग 3,000 नए रोजगार सृजित होंगे। इसी क्रम में एसेंट के सर्किट ने 3,250 करोड़ रुपये के निवेश की घोषणा की है, जो प्रदेश में उन्नत इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सेमीकंडक्टर वैल्यू चेन को और मजबूत करेगा।
इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर में भी तेजी
इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में एंबर एंटरप्राइजेज 3,232 करोड़ रुपये और आईबी सोलर 3,000 करोड़ रुपये का निवेश करेंगे। इन परियोजनाओं से 6,000 से अधिक रोजगार के अवसर सृजित होंगे और उत्तर प्रदेश की औद्योगिक क्षमता को मजबूती मिलेगी।
यह भी पढ़े: FCRA नियमों पर आलोचना के बीच MEA का जवाब, कहा- विदेशी फंडिंग कानून भारत का आंतरिक मामला