जयपुर-बांदीकुई एक्सप्रेसवे पर तड़के एक बेहद दर्दना

जयपुर-बांदीकुई एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा: ऋषिकेश से इंदौर जा रही बस में लगी भीषण आग, 8 यात्रियों की मौत

8 Dead After Rishikesh-Indore Bus Catches Fire On Jaipur-Bandikui Expressway

दौसा (राजस्थान)। जयपुर-बांदीकुई एक्सप्रेसवे पर तड़के एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। ऋषिकेश से इंदौर जा रही एक ट्रैवलर बस की दूसरे वाहन से टक्कर के बाद उसमें भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। इस रोंगटे खड़े कर देने वाले हादसे में कम से कम 8 लोगों की मौत हो गई जिसमें 6 जिंदा जल जल गए। वहीं, हादसे में कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। प्रशासन और बचाव दल मौके पर राहत कार्य में जुटे हैं।

सांसद मुरारी लाल मीणा ने जताया दुख, मलबे से निकाले गए शव

दौसा (एसटी) संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस सांसद मुरारी लाल मीणा ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए बताया कि घटनास्थल से अब तक आठ जले हुए शव बरामद किए जा चुके हैं। उन्होंने समाचार एजेंसी एएनआई (ANI) से बातचीत में कहा, "एक बेहद दुखद घटना घटी है। तड़के करीब 3:00 बजे एक दुर्घटना के बाद बस में आग लग गई। अब तक पूरी तरह झुलस चुके आठ शव बरामद किए जा चुके हैं और 11 लोगों को यहाँ अस्पताल में भर्ती कराया गया है।" हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक्सप्रेसवे पर किसी अन्य वाहन से टकराते ही बस आग का गोला बन गई। एक्सप्रेसवे पर चीख-पुकार मचने के बाद स्थानीय प्रशासन और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।

ऋषिकेश से इंदौर का सफर, तड़के 3 बजे चीख-पुकार में बदला

मामले की गंभीरता को देखते हुए दौसा की जिला कलेक्टर और जिला मजिस्ट्रेट डॉ. सौम्या झा खुद स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने बताया कि, "यह बस ऋषिकेश से इंदौर जा रही थी, तभी तड़के करीब 3:15 या 3:30 बजे जयपुर-बांदीकुई एक्सप्रेसवे पर एक टक्कर के बाद इसमें आग लग गई। करीब 24-25 लोग सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे और उन्हें रेस्क्यू कर लिया गया है, वे सभी अभी ठीक हैं।"

कलेक्टर सौम्या झा ने दी रेस्क्यू और हताहतों की जानकारी

कलेक्टर डॉ. सौम्या झा ने आगे कहा, "दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। आग पर काबू पाने के बाद जब रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया, तो हमें कुछ जले हुए अवशेष (शव) मिले हैं। इन्हें अस्पताल भेज दिया गया है और राहत कार्य अभी भी जारी है।" मौतों के सटीक आंकड़ों को लेकर जिला मजिस्ट्रेट ने स्पष्ट किया कि स्थिति अभी पूरी तरह साफ नहीं है। उन्होंने कहा, "कुल हताहतों की संख्या के संबंध में हम इस स्तर पर केवल एक अनुमानित आंकड़ा ही दे सकते हैं। अंतिम संख्या की अभी पुष्टि नहीं हुई है। करीब सात से आठ लोगों की मौत हुई है।" (Source: ANI)

यह भी पढ़ें: विकासनगर में फिर सामने आई लापरवाही, सीवर क्रॉसिंग के लिए खोदे गए गड्ढे में गिरी कार