टिहरी गढ़वाल में 300 मीटर गहरी खाई में गिरी गाड़ी, 8 की मौत व दो घायल
टिहरी गढ़वाल (उत्तराखंड)। उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में गुरुवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा देखने को मिला है। चंबा ब्लॉक में चंबा–कोटी रोड पर नैल के पास एक वाहन के अनियंत्रित होकर 300 मीटर गहरी खाई में गिर जाने से आठ लोगों की मौत हो गई है।
वाहन में सवार थे कुल 11 लोग
टिहरी जिला प्रशासन के मुताबिक, घायलों को जिला अस्पताल बौराड़ी ले जाया गया। यहां डीएच बौराड़ी के सीएमएस डॉ. अमित राय ने बताया कि उनका इलाज चल रहा है और उनकी हालत खतरे से बाहर है। एसडीएम घनसाली अलकेश नौटियाल ने बताया कि वाहन में कुल 11 लोग सवार थे। दुर्घटना में दो लोग घायल हुए हैं, जबकि आठ लोगों की मौत हो गई। दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत स्थिर है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया चल रही है।
रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी SDRF और प्रशासन की टीमें
घटना की सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF), स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया। जिला अधिकारी नितिका खंडेलवाल, टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय और एसएसपी श्वेता चौबे मौके पर मौजूद हैं और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को घायलों के शीघ्र उपचार और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने जताया शोक, घायलों के इलाज के निर्देश
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने एक्स पर लिखा, "टिहरी गढ़वाल जिले के चंबा क्षेत्र के नैल-कोटी कॉलोनी मार्ग पर वाहन दुर्घटना की अत्यंत दुखद सूचना प्राप्त हुई है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि दुर्घटना में दिवंगत लोगों की आत्मा को श्रीचरणों में स्थान मिले और शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें।"
उन्होंने आगे कहा कि, "घायलों के समुचित उपचार के लिए जिला प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं। उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गई है। मैं बाबा केदार से घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं।"
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/modi-in-mathurapur-tmcs-jungle-raj-expiry-date-is-may-4/178613