मुरादाबाद में स्वाइन फ्लू के 8 नए मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग सतर्क
मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश)। जिले में स्वाइन फ्लू के मामले लगातार सामने आने से स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। पिछले तीन दिनों में स्वाइन फ्लू के 8 मरीज मिलने की पुष्टि हुई है। अचानक बढ़े मामलों को लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से निगरानी बढ़ा दी गई है और संक्रमित मरीजों के इलाज के लिए अस्पतालों में जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
मरीजों को जरूरत पड़ने पर अस्पताल में भर्ती कराने की व्यवस्था
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलदीप सिंह ने बताया कि स्वाइन फ्लू से संक्रमित मरीजों को जरूरत पड़ने पर अस्पताल में भर्ती कराने की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही अस्पतालों में आवश्यक दवाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि मरीजों को समय पर उपचार मिल सके। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार रामगंगा विहार क्षेत्र के रहने वाले एक मरीज की हालत को देखते हुए उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार किया गया।
स्वास्थ्य विभाग लगातार स्वाइन फ्लू के मामलों पर नजर बनाए हुए
स्वास्थ्य विभाग लगातार स्वाइन फ्लू के मामलों पर नजर बनाए हुए है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे स्वास्थ्य को लेकर लापरवाही न बरतें। अगर किसी व्यक्ति में स्वाइन फ्लू से संबंधित लक्षण दिखाई देते हैं तो वह तत्काल चिकित्सकीय सलाह लें और समय रहते उपचार कराएं। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने और संक्रमण से बचाव के लिए जरूरी एहतियात अपनाने की सलाह दी है। विभाग का कहना है कि समय पर जांच और उपचार से बीमारी को गंभीर होने से रोका जा सकता है।
यह भी पढ़ें: रायबरेली में डिप्टी जेलर के बंद मकान में लाखों की चोरी