औरंगाबाद में तालाब में डूबने से 8 वर्षीय किशोर की मौत, परिवार में मचा कोहराम
औरंगाबाद (बिहार)। तालाब में डूबने से एक किशोर की मौत हो गई। घटना बंदेया थाना क्षेत्र के मायापुर गांव की है। मृतक की पहचान उस गांव निवासी रंजय यादव के आठ वर्षीय पुत्र रौशन कुमार के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार, रौशन शौच के लिए गया हुआ था। इसी क्रम में उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरा। स्थानीय लोगों द्वारा जब तक बचाव कर कार्य किया जाता तब तक काफी देर हो चुका था। गहरे पानी में डूबने से किशोर की मौत हो गई।
इकलौते बेटे की मौत
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। बताया जाता है कि रोशन कुमार अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी असमय मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। मां रंती देवी बेटे के वियोग में बार-बार बेहोश हो रही थीं, जबकि पिता रंजय यादव समेत अन्य परिजनों का भी रो-रोकर बुरा हाल था। घटना के बाद मायापुर गांव में मातम का माहौल है और बड़ी संख्या में ग्रामीण शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देने उनके घर पहुंच रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने की मुआवजे की मांग
स्थानीय लोगों ने मृतक के आश्रितों के लिए जिला प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। बताया कि बरसात के मौसम में आहर, तालाब और अन्य जलाशयों में पानी का स्तर बढ़ जाने से इस तरह की दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। लोगों ने अभिभावकों से छोटे बच्चों को अकेले आहर, तालाब या नदी में स्नान करने के लिए नहीं भेजने की अपील की, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप गया शव
थानाध्यक्ष सूरज कुमार ने बताया कि तालाब में डूबने से एक किशोर की मौत हुई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें: चंदौली में मवेशी चोर गिरोह का पर्दाफाश, मुठभेड़ में बदमाश घायल समेत 5 गिरफ्तार