कुटुंबा प्रखंड के रसोइया गांव में विजयादशमी की रात

विजयादशमी की रात तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से 8 वर्षीय किट्टू की मौत, साथी घायल

8-Year-Old Kittu Killed in Speeding Bike Collision on Dussehra Night, Friend Injured

औरंगाबाद: कुटुंबा प्रखंड के रसोइया गांव में विजयादशमी की रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में आठ वर्षीय मासूम किट्टू की मौत हो गई, जबकि उसका 10 वर्षीय साथी रौनक घायल हो गया। मंगलवार रात करीब आठ बजे हुई इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जिस घर में त्योहार की खुशियां थीं, वहां अब मातम पसरा है। जानकारी के अनुसार, विजयादशमी के अवसर पर गांव के कुछ बच्चे घर-घर जाकर बड़े-बुजुर्गों से आशीर्वाद ले रहे थे। इसी दौरान सड़क पार करते समय कुटुंबा की ओर से अंबा जा रही तेज रफ्तार अज्ञात बाइक ने किट्टू और रौनक को टक्कर मार दी।

गंभीर हालत में अस्पताल ले जाए गए दोनों बच्चे

हादसे में दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क किनारे जा गिरे। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को कुटुंबा रेफरल अस्पताल पहुंचाया। रौनक को हल्की चोटें आईं और उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल किट्टू को प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल, औरंगाबाद रेफर किया गया। वहां से चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, गया भेज दिया। हालांकि, गया पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

ऑटो चलाकर परिवार पालते हैं किट्टू के पिता

किट्टू के पिता वीरेंद्र सिंह ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। मासूम बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद पूरे रसोइया गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से अज्ञात बाइक चालक की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई करने तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

ये भी पढ़ें: पोते को दशहरा मेला घुमाने जा रहे दादा की सड़क हादसे में मौत, मातम में बदलीं खुशियां