MP News : सागर। जिले में सरकारी खरीदी व्यवस्था में

सरकारी दर पर 8700 क्विंटल खरीदी गई नकली सरसों

सरकारी दर पर 8700 क्विंटल खरीदी नकली सरसों

MP News : सागर। जिले में सरकारी खरीदी व्यवस्था में बड़ा घोटाला सामने आया है। सरकारी समर्थन मूल्य पर लगभग 8700 क्विंटल नकली सरसों की खरीदी कर सरकार को करोड़ों रुपये का नुकसान पहुंचाया गया। आरोप है कि सरसों में भारी मात्रा में मिट्टी मिलाकर इसे असली बताकर सरकारी दर पर खरीदा गया।

मामला रहली के गिरारी एवं खेरवा की सहकारी समितियों से जुड़ा बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, इन समितियों द्वारा करीब 8693 क्विंटल नकली सरसों की खरीदी दिखाई गई, जिसे बाद में छत्तीसगढ़ की एक निजी फर्म को बेच दिया गया।

गुणवत्ता जांच में हुआ खुलासा

शिकायत के बाद जब गुणवत्ता जांच कराई गई तो सरसों में तय मानकों से कहीं अधिक मिट्टी और अन्य अशुद्धियां पाई गईं। इसके बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया। शुरुआती जांच में समिति प्रबंधन, तौल केंद्र और गुणवत्ता जांच से जुड़े कर्मचारियों की भूमिका संदिग्ध मानी जा रही है।

प्रशासन में मचा हड़कंप

घोटाले के सामने आने के बाद प्रशासन और खाद्य विभाग में हड़कंप मच गया है। जिला प्रशासन ने संबंधित समितियों के रिकॉर्ड जब्त कर लिए हैं और खरीदी प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों से जवाब-तलब किया गया है।

FIR दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की तैयारी

प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों पर एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यदि आरोप सही पाए गए तो समिति प्रबंधक, ऑपरेटर और संबंधित अधिकारियों पर आपराधिक मामला दर्ज हो सकता है।

सरकारी खरीदी व्यवस्था पर सवाल

इस घोटाले ने सरकारी समर्थन मूल्य पर होने वाली खरीदी की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। किसानों के नाम पर की गई इस फर्जीवाड़ी से न सिर्फ सरकार को नुकसान हुआ, बल्कि ईमानदार किसानों के हक पर भी असर पड़ा है।

यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/india/pm-modi-spoke-on-budget-2026-new-momentum-to-the-self-reliant-india-campaign/131459