9 मांगों को लेकर नामित सदस्यों ने ईओ को सौंपा ज्ञापन, सफाई व्यवस्था और विकास कार्यों पर उठाए सवाल
चंदौली, (उत्तर प्रदेश) : नगर पालिका परिषद पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के नामित सदस्य राकेश कन्नौजिया के नेतृत्व में नगर क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं एवं विकास कार्यों को लेकर अधिशासी अधिकारी धर्मराज सिंह को 9 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा गया। ज्ञापन में नगर के विकास, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और सफाई व्यवस्था में सुधार की मांग की गई। इस दौरान कई सभासद, नामित सदस्य एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
दुकानों की मरम्मत, जल निकासी व्यवस्था और पेंटिंग कार्य इत्यादि के लिए मांग पत्र
ज्ञापन में लाल बहादुर शास्त्री कटरा की जर्जर दुकानों की मरम्मत, जल निकासी व्यवस्था और पेंटिंग कार्य, पत्रकार भवन के निर्माण हेतु भूमि चिन्हित कर बजट स्वीकृत करने, महमूदपुर में निर्मित ट्यूबवेल को पूर्ण रूप से चालू कराने, पथरा तालाब स्थित धोबी घाट पर प्रथम तल निर्माण, विभिन्न वार्डों में आरसीसी सड़क एवं नाली निर्माण तथा जीटी रोड किनारे रिक्शा स्टैंड निर्माण सहित नौ प्रमुख मांगें शामिल थीं।
नगरवासियों की समस्याओं को देखते हुए सौंपा मांग पत्र
नामित सदस्य राकेश कन्नौजिया ने बताया कि नगरवासियों की समस्याओं को देखते हुए यह मांग पत्र सौंपा गया है। उन्होंने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री कटरा का बारजा काफी जर्जर हो चुका है, जिसकी मरम्मत आवश्यक है. इसके अलावा पत्रकार भवन का निर्माण लंबे समय से लंबित है. वार्ड संख्या-6 में स्थापित ट्यूबवेल चालू होने के बावजूद कई क्षेत्रों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है.
सफाई व्यवस्था पर उठाए सवाल
उन्होंने नगर की सफाई व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि वर्तमान में सफाई व्यवस्था काफी बदहाल हो चुकी है। बरसात का मौसम आने वाला है और यदि समय रहते सफाई एवं नालों की सफाई नहीं कराई गई तो नगरवासियों को जलभराव और अन्य समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि नामित सभासद लगातार विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर जनहित के मुद्दे उठा रहे हैं।
रानी गुप्ता ने भी नगर की सफाई व्यवस्था को सबसे बड़ी समस्या बताया
वहीं, नामित सभासद गीता रानी गुप्ता ने भी नगर की सफाई व्यवस्था को सबसे बड़ी समस्या बताया। उन्होंने कहा कि नगर में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं है और कई स्थानों पर कूड़ा तथा गंदगी की समस्या बनी हुई है। बड़े नालों की सफाई कराई जा रही है, लेकिन छोटे नालों और मोहल्लों में सफाई व्यवस्था कमजोर है।
नगर पालिका में सफाई कर्मियों की संख्या आवश्यकता से कम
गीता रानी गुप्ता ने कहा कि नगर पालिका में सफाई कर्मियों की संख्या आवश्यकता से कम है। यदि प्रत्येक वार्ड में पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मियों की तैनाती की जाए तो व्यवस्था बेहतर हो सकती है। उन्होंने चेतावनी दी कि बारिश शुरू होने के बाद यदि सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो नगर में जलभराव की समस्या गंभीर रूप ले सकती है।
सभी मांगों पर होगी आवश्यक कार्रवाई
इस संबंध में अधिशासी अधिकारी धर्मराज सिंह ने बताया कि मांग पत्र प्राप्त हो गया है। सभी बिंदुओं का परीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि जनहित से जुड़े मुद्दों और विकास कार्यों के समाधान के लिए नगर पालिका गंभीरता से कार्य करेगी। ज्ञापन की प्रतिलिपि राज्यपाल, मुख्यमंत्री, प्रमुख सचिव, मंडलायुक्त वाराणसी तथा जिलाधिकारी चंदौली को भी भेजी गई है, ताकि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
यह भी पढ़ेंः SP में बड़ी टूट जल्द, शिवपाल राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के असली हकदार: राजभर