कानपुर की 150वीं परेड रामलीला में 95 फीट के रावण का होगा दहन, 360 डिग्री घूमेगी गर्दन और मुंह से बरसेंगे फूल
कानपुर: शहर की ऐतिहासिक परेड रामलीला इस बार अपने 150वें वर्ष में प्रवेश कर रही है। इस ऐतिहासिक अवसर को यादगार बनाने के लिए रामलीला कमेटी ने खास तैयारी की है। विजयदशमी पर इस बार 95 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। पिछले साल रावण की ऊंचाई 90 फीट थी, जिसे इस बार बढ़ाकर 95 फीट कर दिया गया है। रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों के अनुसार, इस बार रावण के पुतले को हाईटेक तरीके से बनाया गया है।
आंखों से निकलेगी रोशनी और मुंह से बरसेंगे फूल
रावण की गर्दन 360 डिग्री तक घूमेगी, उसकी आंखों से तेज रोशनी निकलेगी और मुंह से फूलों की वर्षा होगी। इसे देखने के लिए दूर-दूर से लोग आएंगे। पुतले को राजस्थान और जयपुर से आए विशेष कारीगरों ने दो महीने की कड़ी मेहनत से तैयार किया है। परेड मैदान में पिछले 150 वर्षों से लगातार रामलीला का मंचन हो रहा है। यह कानपुर ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश की सबसे पुरानी और प्रसिद्ध रामलीलाओं में से एक है। यहां रामलीला देखने के लिए लाखों की संख्या में लोग जुटते हैं। विजयदशमी के दिन रावण दहन कार्यक्रम मुख्य आकर्षण होता है।
रावण दहन के साथ होगा भव्य आतिशबाजी शो
कमेटी ने बताया कि सुरक्षा और व्यवस्था के लिए पुलिस प्रशासन के साथ बैठक हो चुकी है। मैदान में फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस और पुलिस बल की तैनाती रहेगी। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है। इस बार रावण दहन के साथ आतिशबाजी का भी विशेष शो आयोजित किया जाएगा। स्थानीय लोगों में इस बार के रावण दहन को लेकर काफी उत्साह है। 150वें वर्ष के कारण इस बार आयोजन को भव्य रूप दिया जा रहा है। कमेटी का दावा है कि इस बार रावण का पुतला अब तक का सबसे आकर्षक और विशाल होगा।
ये भी पढ़ें- 'हैप्पी नवरात्रि' लिखे बैग में मांस सप्लाई का आरोप, ब्लिंकिट प्रतिष्ठान पर हंगामा