संभल जिले की एक अदालत ने जयराम रमेश के विरुद्ध दर्ज शिकायत को लेकर पुलिस से रिपोर्ट मांगी
संभल (उत्तर प्रदेश)। संभल जिले की एक अदालत ने देवताओं के विरुद्ध कथित टिप्पणी को लेकर वरिष्ठ कांग्रेस नेता जयराम रमेश के खिलाफ दर्ज शिकायत पर बहजोई थाने से रिपोर्ट मांगी है। यह टिप्पणी कथित तौर पर हिंदू देवताओं-- ब्रह्मा, विष्णु और महेश की तुलना महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू और मुहम्मद अली जिन्ना से किए जाने से संबंधित है।
रमेश की टिप्पणी से हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं आहत
हिंदू शक्ति दल की राष्ट्रीय अध्यक्ष सिमरन गुप्ता ने बृहस्पतिवार को चंदौसी में अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (एमपी/एमएलए कोर्ट) के समक्ष कांग्रेस नेता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग करते हुए शिकायत दर्ज की थी। शिकायतकर्ता की ओर से पेश अधिवक्ता प्रसून कुमार ने आरोप लगाया कि रमेश की टिप्पणी से हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और यह सनातन धर्म का अपमान है।
सुनवाई की अगली तारीख 18 सितंबर तय
गुप्ता ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि उन्होंने इससे पहले सात जुलाई को बहजोई थाने और संभल के पुलिस अधीक्षक को ‘स्पीड पोस्ट’ से शिकायत भेजकर मामला दर्ज करने की मांग की थी, लेकिन कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। उन्होंने बताया कि इसके बाद वह अदालत गईं, जिसने सुनवाई की अगली तारीख 18 सितंबर तय की और पुलिस से रिपोर्ट मांगी। (इनपुटः भाषा)
यह भी पढ़ेंः आईफोन 18 भारत में 43 प्रतिशत तक महंगा, फोल्डेबल डुओ की कीमत 4.5 लाख रुपये तक