भिंड में एक ​घर में गैस सिलेंडर में अचानक आग लगने

भिंड में एक ​घर में गैस सिलेंडर में अचानक लगी आग; डायल-112 की टीम बनी मददगार

उमरी थाना, ​भिंड

​भिंड (मध्य प्रदेश)। जिले के ​उमरी थाना क्षेत्र के ग्राम किशन की गढ़िया कनावर में एक घर में गैस सिलेंडर में अचानक लगी आग से बड़ा हादसा टल गया। गनीमत यह रही कि मौके पर पहुंची डायल-112 पुलिस टीम ने अदम्य साहस का परिचय दिया और आरक्षक ने अपनी जान जोखिम में डालकर धधकते हुए सिलेंडर की आग पर काबू पा लिया। इस बहादुरी के बाद से पूरे इलाके में आरक्षक की सराहना हो रही है।

​मची अफरा-तफरी, घरवाले हुए बेहाल

​जानकारी के अनुसार, ग्राम किशन की गढ़िया कनावर निवासी विकास शर्मा के घर अचानक रसोई में रखे एलपीजी गैस सिलेंडर से गैस लीक होने के कारण भीषण आग भड़क उठी। आग की लपटें देख घर और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घबराए परिजनों को कुछ समझ नहीं आया और वे अपनी जान बचाने के लिए घर से बाहर भागे। स्थिति को भांपते हुए तुरंत डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी गई।

​फरिश्ता बनकर पहुंची डायल-112 की टीम 

​सूचना मिलते ही उमरी थाना क्षेत्र में तैनात डायल-112 वाहन मौके पर जा पहुंचा। वाहन में मौजूद आरक्षक शिवम तोमर और पायलट कल्लू बघेल ने पलक झपकते ही मोर्चा संभाल लिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आरक्षक शिवम तोमर ने बिना एक पल गंवाए और अपनी जान की परवाह किए बिना सीधे सुलगते हुए सिलेंडर की तरफ कदम बढ़ाए।

​बड़ा जनहानि का संकट टला

​आरक्षक शिवम तोमर की सूझबूझ, साहस और त्वरित कार्रवाई के चलते कुछ ही पलों में आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। यदि समय रहते पुलिस टीम ने यह कदम न उठाया होता, तो सिलेंडर फटने से आसपास के मकानों को भी भारी नुकसान पहुंच सकता था और बड़ी जनहानि हो सकती थी। घटना के बाद ग्रामीणों ने आरक्षक शिवम तोमर और पायलट कल्लू बघेल की इस जांबाजी की जमकर सराहना की है।

यह भी पढ़ेंः PET परीक्षा में बड़ी लापरवाही! अंधेरे कमरे में बैठकर पेपर हल करते रहे अभ्यर्थी, वीडियो वायरल