उज्जैन के छत्री चौक स्थित शाही मस्जिद में सड़क चौड

उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण के दौरान शाही मस्जिद की मीनार का हिस्सा गिरा

शाही मस्जिद की मीनार का गिरा एक हिस्सा

उज्जैन: शाही मस्जिद की मीनार का हिस्सा गिरने से हड़कंप मच गया। छत्री चौक स्थित शाही मस्जिद में सड़क चौड़ीकरण के लिए प्रभावित हिस्सा हटाने का काम चल रहा था। इसी दौरान ऊंची मीनार का एक हिस्सा अचानक टूटकर मस्जिद की छत पर जा गिरा। हादसे में छत समेत मस्जिद के कुछ हिस्से को नुकसान पहुंचा, हालांकि प्रशासन के मुताबिक किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है।

सड़क चौड़ीकरण के दौरान शाही मस्जिद की मीनार का हिस्सा गिरा

दरअसल, सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत कंठाल से गोपाल मंदिर मार्ग को चौड़ा किया जा रहा है। इसी प्रक्रिया में शाही मस्जिद का प्रभावित हिस्सा सड़क की जद में आया था। प्रशासन और मस्जिद प्रबंधन के बीच सहमति के बाद मुस्लिम समाज से जुड़े लोग पिछले कुछ दिनों से प्रभावित हिस्से को खुद हटाने का काम कर रहे थे। गुरुवार को इसी कार्रवाई के दौरान मीनार का हिस्सा अचानक गिर गया। 

प्रशासन ने बढ़ाई निगरानी

इसके बाद प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त छत और अन्य हिस्सों की मरम्मत शुरू करवा दी। अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर नजर रख रहे हैं। 28 सितंबर को इसी शाही मस्जिद को लेकर सोशल मीडिया पर भ्रामक और AI से तैयार सामग्री वायरल होने के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे थे। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस पर पथराव हुआ और पुलिस ने आंसू गैस व हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को हटाया था। 

शाही मस्जिद क्षेत्र में सुरक्षा कड़ी

इस मामले में पुलिस ने कई FIR दर्ज की हैं और CCTV, ड्रोन फुटेज और सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच की जा रही है। 30 सितंबर को गिरफ्तार किए गए 9 आरोपियों को जिला कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 12 अक्टूबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। फिलहाल शाही मस्जिद और आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और सोशल मीडिया पर चल रही अपुष्ट खबरों व अफवाहों पर भरोसा नहीं करने की अपील की है। यानी मीनार का हिस्सा गिरा है, स्थिति प्रशासन के नियंत्रण में है और क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत का काम जारी है। 

ये भी पढ़ें- जौनपुर में टेंडर से पहले शुरू हुए दो काम, नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल