औरंगाबाद में नाबालिग ऑटो-ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ चलेगा विशेष रेस्क्यू अभियान
औरंगाबाद: जिले में बाल मजदूरी पर अब सरकार सख्त रुख अपना रही है। गुरुवार को सर्किट हाउस में बिहार बाल श्रम आयोग के उपाध्यक्ष और भाजपा नेता अरविंद कुमार सिंह ने प्रेसवार्ता की। आयोग के उपाध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह ने कहा कि राज्य को बाल मजदूरी से मुक्त करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि बाल श्रम खत्म करने के लिए विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं।
नाबालिग ऑटो-ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ चलेगा विशेष रेस्क्यू अभियान
उन्होंने संबंधित विभागों को बाल मजदूरों को रेस्क्यू करने का टास्क दिया है। अरविंद कुमार सिंह ने कहा कि बाल श्रम समाज के लिए एक गंभीर चुनौती है। बच्चों के सर्वांगीण विकास में बाधक है। प्रत्येक बच्चे को शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सुरक्षित बचपन का अधिकार प्राप्त है। उन्होंने कहा कि विभाग के अधिकारीयों के साथ आज बैठक में निर्णय लिया गया है। जिले में ऑटो, टोटो एवं ई-रिक्शा चालकों की रोकथाम को लेकर विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसमें 18 साल से कम उम्र के चालकों को रेस्क्यू किया जाएगा। रेस्क्यू किए गए बच्चों को सरकार के विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा।
जिले की 33 पंचायतों को किया जायेगा बाल श्रम मुक्त
सरकार का प्रयास है कि जिले को बालश्रम मुक्त किया जाए। बच्चे पढ़ेंगे, तभी अपने हक और अधिकार के महत्व को समझेंगे और भविष्य में बेहतर करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रखंड की तीन पंचायतों को बाल श्रम मुक्त करना है। औरंगाबाद में भी तैयारी कर ली गई है। जिले की 33 पंचायतों को बाल श्रम मुक्त किया जायेगा, जिसकी घोषणा पंचायत के मुखिया और सरपंच की सहमति से होगी। पूरे एक माह तक अभियान चलेगा। यह अभियान श्रम विभाग, सामाजिक कल्याण विभाग, पंचायती राज विभाग, औरंगाबाद पुलिस एवं परिवहन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से चलेगा। ताकि किशोरों को श्रम मुक्त किया जा सके।
किशोर के खिलाफ नियमानुसार की जाएगी सख्त कार्रवाई
उन्होंने बच्चों को श्रम से मुक्त कर शिक्षा और सुरक्षित भविष्य से जोड़ना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया है। उन्होंने कहा अगर कोई किशोर वाहन चलाते पाया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। अरविंद कुमार सिंह ने कहा कि असली लक्ष्य सिर्फ बच्चों को मजदूरी से निकालना नहीं, बल्कि उन्हें सुरक्षित भविष्य देना है।
ये भी पढ़ें- नागौद में बारिश के बाद बीजेपी विधायक के घर में भरा पानी, दूसरी मंजिल पर कैद हुआ परिवार